![]()
आदर्श विद्या मंदिर में क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता रविवार को खत्म हो गई।
डीडवाना के पंडित बच्छराज व्यास आदर्श विद्या मंदिर में तीन दिवसीय अखिल भारतीय और क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता रविवार को खत्म हो गई। इसमें बास्केटबॉल, बैडमिंटन और लॉन टेनिस के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
.
समापन समारोह में राजस्थान बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष अजीत सिंह, विद्या भारती राजस्थान क्षेत्र के खेल संयोजक सत्यनारायण मिश्रा, व्यवसायी रणछोड़ मलावत, समाजसेवी संजय सोनी और डॉक्टर चंद्र प्रकाश पारीक अतिथि के तौर पर मौजूद थे। स्कूल समिति के व्यवस्थापक कमल मोट ने अतिथियों का स्वागत किया।
स्कूल के प्रधानाचार्य रमेश कुमार सारस्वत ने प्रतियोगिता के नतीजे बताए। उन्होंने कहा कि विद्यालय के खिलाड़ियों का प्रदर्शन अच्छा रहा। लॉन टेनिस टीम के 12 लड़के और 12 लड़कियों समेत कुल 24 खिलाड़ियों को नई दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय SGFI प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। ये खिलाड़ी राजस्थान क्षेत्र की तरफ से खेलेंगे।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि सच्चा खिलाड़ी हार-जीत की परवाह किए बिना खेल भावना को सबसे ऊपर रखता है। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, लीडरशिप, टीम भावना और मुश्किल हालात से लड़ने का जज्बा आता है।
कार्यक्रम के आखिर में राजूराम पारीक ने अतिथियों, खेल प्रेमियों, आयोजकों और सभी सहयोगियों का आभार जताया। राष्ट्रीय गीत के साथ तीन दिवसीय खेल उत्सव का समापन हो गया।
