Headlines

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वामन द्वादशी पर आएंगे बक्सर:23 सितंबर को निकलेगी रथ यात्रा, भगवान वामन की पूजा में CM होंगे यजमान




बक्सर में वामन द्वादशी का धार्मिक आयोजन इस बार कई वजहों से खास होगा। 23 सितंबर को भगवान वामन की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि और यजमान के तौर पर शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के बक्सर आने को लेकर विधायक आनंद मिश्रा ने पटना में उनसे मुलाकात कर न्योता दिया था, जिसे मुख्यमंत्री ने खुशी-खुशी मान लिया। विधायक आनंद मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान बक्सर के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर बात हुई। इनमें बक्सर की मुख्य नहर को आधुनिक और कई कामों के लिए विकसित करना, बाढ़ से हमेशा के लिए बचाव, कोल्ड स्टोरेज, मेगा स्किल सेंटर, रोजगार, सड़क और इंजीनियरिंग कॉलेज जैसे विषय मुख्य रहे। इसी दौरान उन्हें 23 सितंबर को होने वाले वामन द्वादशी महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया गया। जेल परिसर के अंदर है पुराना मंदिर इस साल वामन द्वादशी का आयोजन इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि भगवान वामन का पुराना मंदिर लंबे समय से बक्सर केंद्रीय जेल परिसर के अंदर है। मंदिर तक श्रद्धालुओं की पहुंच और धार्मिक कामों के लिए अलग व्यवस्था की मांग लंबे समय से हो रही थी। सरकार ने जुलाई में मंदिर की जमीन को केंद्रीय जेल परिसर से अलग करने के प्रस्ताव को हरी झंडी दी थी। इसके तहत मंदिर के लिए करीब 1 एकड़ 90 डिसमिल जमीन को जेल परिसर से अलग करने का काम शुरू कर दिया गया है। सरकार के इस फैसले का मकसद मंदिर का विकास, सुंदर बनाना और श्रद्धालुओं के लिए आसान पहुंच बनाना है। यही वजह है कि इस बार वामन द्वादशी का धार्मिक आयोजन सिर्फ एक पर्व या रथयात्रा तक सीमित नहीं है। इसे बक्सर की धार्मिक पहचान और भगवान वामन मंदिर के विकास के नए दौर की शुरुआत के तौर पर भी देखा जा रहा है। रथ की रज्जु थामेंगे श्रद्धालु 23 सितंबर को भगवान वामन की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार रथयात्रा रामरेखाघाट स्थित रामेश्वरनाथ मंदिर से शुरू होकर भगवान वामन मंदिर तक पहुंचेगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के रथ की रज्जु थामकर यात्रा में शामिल होने की तैयारी है। रथयात्रा को लेकर वामन चेतना मंच की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शहर में संपर्क अभियान चलाया जा रहा है और आयोजन को भव्य स्वरूप देने की तैयारी है। धार्मिक अनुष्ठान, वैदिक मंत्रोच्चार और श्रद्धालुओं की सहभागिता के बीच भगवान वामन की शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मंदिर तक पहुंचेगी। मुख्यमंत्री के यजमान बनने से बढ़ा आयोजन का महत्व विधायक आनंद मिश्रा ने कहा कि सनातन संस्कृति और बक्सर की आध्यात्मिक विरासत से जुड़े इस आयोजन में मुख्यमंत्री का यजमान के रूप में शामिल होना जिले के लिए गौरव की बात है। मुख्यमंत्री के सामने बक्सर के विकास से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से रखा गया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मई में भी बक्सर पहुंचे थे और उन्होंने भगवान वामनेश्वरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के साथ मंदिर परिसर और प्रस्तावित विकास कार्यों का जायजा लिया था।
ऐसे में 23 सितंबर का दिन बक्सर के लिए धार्मिक आस्था के साथ-साथ विकास और सांस्कृतिक विरासत के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक तरफ भगवान वामन की भव्य रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है, तो दूसरी तरफ जेल परिसर से मंदिर को अलग करने के सरकारी फैसले के बाद अब मंदिर के विकास और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं की उम्मीद भी बढ़ी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *