अबोहर में पशु डॉक्टर की हत्या में 3 युवक गिरफ्तार:परिवार ने पोस्टमार्टम से इनकार कर धरना दिया, थाना प्रभारी को सस्पेंड करने की मांग




अबोहर में पशु डॉक्टर अमनदीप सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने गांव गिदड़ांवाली के तीन युवकों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीश कुमार, साजन सिंह और जगमीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के भाई रमनदीप सिंह के बयान पर तीनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद परिवार ने असंतोष जताते हुए सरकारी अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम के बाहर धरना शुरू कर दिया। परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए कथित नशा तस्करों और धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही परिवार ने संबंधित थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग भी रखी। मृतक का भाई बोला- एक सप्ताह पहले मिली थी अंजाम भुगतने की धमकी मृतक के भाई रमनदीप सिंह ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उनके परिवार ने कथित नशा तस्करी से जुड़ा एक वीडियो बनाया था। इसके बाद उन्हें वीडियो के जरिए अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। परिवार ने इसकी शिकायत पुलिस को भी दी थी। उनका आरोप है कि अगर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती तो डॉक्टर अमनदीप सिंह की हत्या को रोका जा सकता था। धरने में विधायक संदीप जाखड़, कांग्रेस नेता सुधीर भादू, आप के पूर्व हलका इंचार्ज दीप कंबोज और कांग्रेस नगर प्रधान सुभाष बाघला पहुंचे। नेताओं ने कानून-व्यवस्था और नशे के मुद्दे पर पंजाब सरकार को घेरा। किसान नेता सुखजिंदर सिंह राजन और सुखमंदर सिंह ने भी परिवार की मांगों का समर्थन किया। थाना नंबर-2 प्रभारी रविंद्र सिंह और खुईयां सरवर थाना प्रभारी परमजीत सिंह ने धरना स्थल पर पहुंचकर परिवार से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि परिवार जिन अन्य लोगों के खिलाफ बयान देगा, जांच में तथ्य सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। दोपहर तक परिवार का धरना जारी रहा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *