अजमेर नगर निगम का 36 साल से भाजपा का बोर्ड बनाने का रिकॉर्ड इस बार टूट सकता है। नगर निगम चुनाव के रिजल्ट में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला और तय हो गया है कि निर्दलियों के भरोसे मेयर की कुर्सी मिलेगी।
.
कांग्रेस के सबसे ज्यादा 37 पार्षद जीते हैं, जबकि भाजपा के केवल 32 ही पार्षद जीत कर आए हैं। वहीं 11 निर्दलीय है। मेयर बनाने के लिए 80 में से 41 पार्षदों की जरूरत पडे़गी। ऐसे में निर्दलीय किंग मेकर बनेंगे।
कांग्रेस में जीत कर आई वार्ड 69 से रश्मि शर्मा व वार्ड 24 से रश्मि हिंगारोनी प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं, वहीं भाजपा वार्ड 3 से अनामिका शर्मा व वार्ड 12 से रंजना सोनी पर दांव खेल सकती है।
अजमेर में मेयर का पद अनारक्षित महिला के लिए रिजर्व है। बता दें कि पिछले 36 साल से नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनता रहा है। पहली बार है कि कांग्रेस के पार्षद ज्यादा जीते।
दोनों पार्टियों का दावा- बनाएंगे बोर्ड
कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि जनता ने कांग्रेस पर विश्वास जताया है और भाजपा के कुशासन को जवाब दिया है। जीते हुए सभी निर्दलीय को विश्वास है कि कांग्रेस बोर्ड बनाएंगी। इसके लिए सभी 11 ने कांग्रेस को समर्थन दे दिया है। कांग्रेस ही बोर्ड बनाएगी।
वहीं, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा कि 11 निर्दलीय जीते हैं और चार हमारे कैंम्प में आ चुके हैं, 2 आ रहे हैं, 3 से बात चल रही है। भाजपा ही बोर्ड बनाएगी। शहर के विकास के लिए सरकार में कड़ी से कड़ी जोड़ने के लिए निर्दलीय पूरा सहयोग कर रहे हैं।

रश्मि शर्मा – पार्षद वार्ड 69
प्लस पॉइंट- निवर्तमान पार्षद हैं और पति दीनदयाल शर्मा भी पूर्व में पार्षद रह चुके हैं। राजनीति का दोनों को अनुभव है। पति प्रोपर्टी व्यवसायी हैं और वे खुद गृहिणी हैं।
माइनस पॉइंट- कांग्रेस के पास बहुमत नहीं है और ऐसे में निर्दलियों को मैनेज करना मुश्किल होगा।
रश्मि हिंगोरानी- पार्षद वार्ड 24
प्लस पॉइंट- तीन बार पार्षद रह चुकी हैं और राजनीति का अनुभव है। साथ ही कांग्रेस में उच्च स्तर पर अच्छी पकड़ है।
माइनस पॉइंट- कांग्रेस के पास बहुमत नहीं और निर्दलियों सहित कांग्रेसियों को एकजुट रखना मुश्किल होगा।

अनामिका शर्मा – पार्षद, वार्ड 3
प्लस पॉइंट- सामान्य वर्ग से हैं। पति मनीष शर्मा अजमेर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष, ससुर सीताराम शर्मा की विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी से घनिष्ठता।
माइनस पॉइंट- पहली बार टिकट मिला, नया चेहरा, राजनीतिक अनुभव नहीं, भाजपा के पास बहुमत नहीं और निर्दलियों को मैनेज करना मुश्किल।

पति रमेश सोनी व अन्य के साथ रंजना सोनी।
रंजना सोनी- पार्षद, वार्ड 12
प्लस पॉइंट- भाजपा शहर जिला अध्यक्ष व निवर्तमान पार्षद रमेश सोनी की पत्नी हैं, अजमेर उत्तर विधायक व विधानसभा स्पीकर वासुदेव देवनानी के खास, रमेश सोनी को टिकट देने के बजाय उनकी पत्नी को दिया।
माइनस पॉइंट- पहली बार टिकट मिला, नया चेहरा, राजनीति में कोई अनुभव नहीं, नगर निगम की मेयर सीट अनारक्षित महिला के लिए रिजर्व है, लेकिन खुद ओबीसी से। भाजपा के पास बहुमत नहीं और निर्दलियों को मैनेज करना मुश्किल।
………
ये खबर भी पढ़िए…
अजमेर में 36 साल बाद BJP को झटका:80 में से 37 वार्ड में कांग्रेस, 32 पर भाजपा; 11 निर्दलीय बनेंगे ‘किंगमेकर’

अजमेर नगर निगम के चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया है। 80 में से 37 वार्ड में कांग्रेस, 32 में भाजपा के प्रत्याशी जीते। जबकि निर्दलीय 11 सीटों पर जीते हैं। दोनों दलों को बहुमत नहीं मिला है। ऐसे में निर्दलीय किंगमेकर बनेंगे। रिजल्ट से भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। बीते 36 साल से यहां भाजपा का बोर्ड रहा है। अजमेर शहर से स्पीकर वासुदेव देवनानी और अनिता भदेल की प्रतिष्ठा दांव पर थी। इसके बावजूद इस बार कांग्रेस से पार्टी पिछड़ गई। पूरी खबर पढ़िए…

अजमेर-मंत्री और विधायक के वार्ड में हारे पार्टी के प्रत्याशी:भाजपा-कांग्रेस जिलाध्यक्षों के वार्डों में जीती सीटें; जानिए-बडे़ नेताओं के वार्ड में कौन हारा-कौन जीता
अजमेर नगर निगम चुनाव में बडे़ नेताओं के वार्ड में रोचक परिणाम देखने को मिले हैं। अजमेर उत्तर से विधायक वासुदेव देवनानी के वार्ड में बीजेपी प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। वहीं, अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल अपने ही वार्ड में भाजपा प्रत्याशी को जीता नहीं सकीं। पूरी खबर पढ़िए…
