![]()
संभल जिले की चंदौसी में सोमवार शाम 6 बजे मुस्लिम समाज ने भगवान गणेश को दो क्विंटल लड्डू का भोग चढ़ाया। यह आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की अनोखी मिसाल थी। गणेश चौथ मेले में मुस्लिम समाज की यह पहल कई सालों से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है। चंदौसी का गणेश चौथ मेला अपनी धार्मिक आस्था और गंगा-जमुनी तहजीब के लिए जाना जाता है। इस साल मेले का उद्घाटन 12 सितंबर को सभी धर्मों के प्रतिनिधियों ने मिलकर किया था। सोमवार को मेले में रथ यात्रा निकाली गई, जिसमें कई तरह की स्वचालित झांकियां लोगों के लिए खास आकर्षण थीं। रथ यात्रा शहर के मुख्य रास्तों से गुजरी, जिसे देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। रथ यात्रा का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने किया। इस धार्मिक आयोजन के बीच मुस्लिम समाज की तरफ से भगवान गणेश को चढ़ाए गए दो क्विंटल लड्डू की खूब चर्चा रही। इशहाक बैग ने बताया कि मुस्लिम समाज साल 2001 से हर साल भगवान गणेश को लड्डू का भोग चढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक धार्मिक आयोजन में शामिल होना नहीं है। यह आपसी प्रेम, भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश देने वाली परंपरा है। इस साल भी मुस्लिम समाज ने भगवान गणेश को दो क्विंटल लड्डू का भोग चढ़ाया। इस मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और मिलकर त्योहार मनाने का संदेश दिया। चंदौसी के इस आयोजन ने एक बार फिर इलाके की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द को दिखाया।
Source link
मुस्लिम समाज ने गणपति को चढ़ाया 2 क्विंटल लड्डू:चंदौसी में दिखी भाईचारे की अनोखी मिसाल, 2001 से चली आ रही परंपरा
