![]()
गणेशोत्सव के दौरान विद्युत हादसों को रोकने के लिए रायपुर के रावण भाटा जोन में बिजली विभाग ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। नगर संभाग दक्षिण की टीम ने क्षेत्र के गणेश पंडालों में पहुंचकर आयोजकों को सुरक्षित तरीके से बिजली इस्तेमाल करने की जानकारी दी। साथ ही अस्थायी कनेक्शन लेने की प्रक्रिया भी समझाई। सहायक अभियंता प्रवीण वर्मा, कनिष्ठ अभियंता आदित्य वाजपेयी और विभागीय कर्मचारियों ने पंडालों का निरीक्षण किया। टीम ने कुल 14 गणेश पंडालों को विद्युत सुरक्षा संबंधी नोटिस दिए। आयोजकों को अधिकृत अस्थायी विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन भी उपलब्ध कराए गए। इनमें से 6 पंडालों को अस्थायी कनेक्शन जारी किया जा चुका है। इन पंडालों में मीटर के माध्यम से बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा है। खुले तारों से बचने की समझाइश अधिकारियों ने पंडाल संचालकों को बिजली के तार, स्विच बोर्ड और अन्य उपकरणों का सावधानी से इस्तेमाल करने की सलाह दी। क्षतिग्रस्त तारों का उपयोग नहीं करने, खुले तारों से दूरी रखने और पंडाल की संरचना तथा विद्युत व्यवस्था के बीच पर्याप्त सुरक्षा दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सहायक अभियंता प्रवीण वर्मा ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य रायपुर में गणेशोत्सव के दौरान विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करना और श्रद्धालुओं को संभावित हादसों से बचाना है। उन्होंने आयोजकों से केवल अधिकृत कनेक्शन के जरिए बिजली इस्तेमाल करने की अपील की। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि पंडालों में बिजली की छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए आयोजकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी खराबी की स्थिति में तत्काल बिजली विभाग को सूचना देने की समझाइश दी गई है।
Source link
रायपुर में गणेश पंडालों की बिजली सुरक्षा जांच:अफसरों ने मौके पर किया निरीक्षण, 14 को नोटिस;6 को दिए कनेक्शन
