![]()
मुजफ्फरपुर में जिला इंटेलिजेंस यूनिट (DIU) की टीम ने दो युवकों को पकड़ा था। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने बोचहां थाना क्षेत्र से स्कॉर्पियो सवार तीन युवकों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। इनके पास से एक देसी पिस्टल और 4 कारतूस बरामद हुए हैं। ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि 13 सितंबर की दोपहर एसटीएफ बिहार से मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ और बोचहां पुलिस की संयुक्त टीम ने मुरादपुर ओवरब्रिज के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी की। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार तीनों युवकों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान गाड़ी में छिपाकर रखा गया देसी पिस्टल और कारतूस मिला। इनके पास से 3 मोबाइल, एक पावर बैंक और 570 रुपए नकद भी बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहेबगंज थाना क्षेत्र के रौशन कुमार, काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के कलमबाग चौक निवासी मुकुंद प्रियम और रामपरहरि थाना क्षेत्र के राजकुमार के रूप में हुई है। कार्रवाई रविवार की है, आज पुलिस ने मामले की जानकारी दी। नीट की तैयारी कर रहा छात्र भी पकड़ा गया पुलिस ने जिन दो युवकों को पहले पकड़ा था, उनमें समस्तीपुर के विभूतिपुर निवासी सुभांत कुमार भी शामिल है। बताया जा रहा है कि वह छात्र है और नीट की तैयारी कर रहा है। दूसरे युवक की पहचान सूरज कुमार दुबे के रूप में हुई है, जो मोतीपुर प्रखंड के राजपुर इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस इन दोनों से पूछताछ कर रही है।
रौशन का तीन जिलों में आपराधिक इतिहास पुलिस के अनुसार रौशन कुमार का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण और सारण में 7 अलग-अलग मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, दंगा और आर्म्स एक्ट जैसे मामले शामिल हैं। साहेबगंज थाने में उसके खिलाफ लूट-आर्म्स एक्ट, डकैती और हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं। बरूराज में दंगा-आर्म्स एक्ट, जबकि पूर्वी चंपारण के केसरिया में लूट और डकैती व आर्म्स एक्ट का केस है। सारण के सोनपुर थाने में भी डकैती-आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। इस मामले में बोचहां थाना कांड संख्या 262/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हथियार के स्रोत और संभावित वारदात की जानकारी जुटा रही है।
प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के लिए शूटर हायर करने की बात भी जांच में पुलिस के लिए अब यह भी जांच का बिंदु है कि क्या आरोपी किसी प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की तैयारी में थे। मिली जानकारी के अनुसार, मुकुंद प्रियम की ओर से शूटरों को हायर करने और जमीन विवाद में अपने ही रिश्तेदार की हत्या के लिए बदमाशों को गोलबंद करने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस इस एंगल पर जानकारी जुटा रही है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनकी भूमिका की जांच जारी है।
Source link
मुजफ्फरपुर में 5 की गिरफ्तारी, हथियार भी बरामद:2 की निशानदेही पर स्कॉर्पियो सवार 3 धराए, इनमें से एक शूटर है
