Headlines

पठानकोट में अवैध खनन करते 4 आरोपी गिरफ्तार:माइनिंग विभाग और नरोट पुलिस ने तड़कसार की छापेमारी, पोकलेन, JCB और टिप्पर जब्त




पठानकोट जिले के थाना नरोट जैमल सिंह के अंतर्गत आते गांव दतियाल फिरोजा में धुस्सी बांध के पास अवैध खनन के खिलाफ पुलिस और खनन विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार तड़कसार की गई इस छापेमारी में अवैध माइनिंग में लिप्त 4 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही मौके से अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही एक पोकलेन मशीन, एक जेसीबी और एक बिना नंबर प्लेट वाला टिप्पर जब्त किया गया है। खनन विभाग के जूनियर इंजीनियर-कम-माइनिंग इंस्पेक्टर रिशू शर्मा और थाना नरोट जैमल सिंह के सब-इंस्पेक्टर मुनीष कुमार की अगवाई में पुलिस टीम ने सुबह तड़के पिंड दतियाल (फिरोजा) में धुस्सी के पास अचानक रेड की। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर अवैध माइनिंग की जा रही है। जब टीम ने मौके पर दबिश दी, तो आरोपी भारी मशीनों की मदद से बिना किसी अनुमति के अवैध रूप से खनन कर रहे थे। पुलिस और खनन विभाग की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद वाहनों के चालकों और ऑपरेटरों को काबू कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जोगेश कुमार उर्फ काका (पोकलेन ऑपरेटर) निवासी रायपुर कथलौर, सुनील कुमार (पोकलेन हेल्पर) निवासी खुशीनगर छन्नी, लखविंदर सिंह उर्फ लक्की (टिप्पर चालक)निवासी गांव फतेहपुर और गुरविंदर सिंह उर्फ लवली (जेसीबी ऑपरेटर) निवासी गांव वजीरपुर अफगाना जिला गुरदासपुर के तौर पर हुई है। पोकलेन, जेसीबी और बिना नंबर प्लेट वाला टिप्पर जब्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मौके पर पहुंची टीम ने पोकलेन मशीन नंबर N635D00118, टिप्पर (बिना नंबर प्लेट)(जिसमें करीब 100 क्यूबिक फीट कच्चा माल भरा हुआ था) और जेसीबी नंबर HAR4DXS4L03298255 को जब्त किया गया। थाना नरोट जैमल सिंह पुलिस ने खनन निरीक्षक रिशू शर्मा की शिकायत पर चारों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) एक्ट 1957 की धारा 21(1) और भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच सब-इंस्पेक्टर मुनीष कुमार द्वारा की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *