Headlines

मोगा में पत्नी-ससुराल से परेशान युवक ने खाया जहर:25 दिन इलाज के बाद बठिंडा में मौत, गिरफ्तारी के लिए हाईवे पर दिया धरना




मोगा में पत्नी और ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से तंग आकर जहरीली दवा निगलने वाले एक युवक की 25 दिन के लंबे इलाज के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान आकाशदीप सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने मोगा-कोटकपूरा मुख्य हाईवे पर शव रखकर धरना शुरू कर दिया है और मामले में नामजद सभी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। परिजनों की चेतावनी और आरोप परिजनों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक न तो धरना समाप्त किया जाएगा और न ही मृतक का अंतिम संस्कार किया जाएगा। मृतक के पिता गुरदेव सिंह ने मीडिया को जानकारी दी कि उनके बेटे आकाशदीप सिंह की शादी करीब एक साल पहले पायल नामक युवती से हुई थी। पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा आकाशदीप को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था। उस पर अपने परिवार से अलग रहने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इसी पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव के कारण 17 अगस्त को आकाशदीप ने खौफनाक कदम उठाते हुए जहरीली दवा निगल ली थी। 25 दिन चला संघर्ष, बठिंडा में हुई मौत जहरीली दवा निगलने के बाद आकाशदीप को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लगभग 25 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद बठिंडा के एक अस्पताल में उसकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि मृतक की पत्नी समेत इस मामले में कुल पांच लोगों को नामजद किया गया है, और जब तक सभी पांचों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आते, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। पुलिस का पक्ष इस मामले पर जानकारी देते हुए डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि आकाशदीप द्वारा जहरीली दवा निगलकर आत्महत्या करने के प्रयास के बाद ही परिजनों के बयानों पर उसकी पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी यानी मृतक की पत्नी पायल को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य चार फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। डीएसपी ने आश्वासन दिया है कि बाकी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *