.
पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर कांग्रेस के रोष मार्च से जुड़ी रही। कांग्रेस ने वित्तमंत्री हरपाल चीमा का घर घेरने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग पर रोक पानी की बौछारें मारीं। जिसके बाद सचिन पायलट समेत सीनियर नेताओं को हिरासत में ले लिया गया।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. पायलट का पहला दौरा, कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन

पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट पहली बार चंडीगढ़ पहुंचे। इस मौके पर कांग्रेस ने संगरूर के गुलजार सुसाइड केस को लेकर शक्ति प्रदर्शन किया। कांग्रेस भवन के बाहर रैली के बाद उन्होंने वित्त मंत्री हरपाल चीमा के आवास की ओर रोष मार्च निकाला। पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट के नेतृत्व में निकले मार्च को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया।
इस दौरान कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़े तो पुलिस ने वाटर कैनन चलाया। पायलट समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। झड़प में कुछ पुलिसकर्मी और कार्यकर्ता घायल हुए। पायलट ने कहा कि पंजाब में चिट्टे की होम डिलीवरी हो रही है और गुलजार ने मंत्री का नाम लेकर जान दी। उन्होंने कहा, “पहली लाठी मैं खाऊंगा।”
प्रदर्शन से पहले मंच पर चरणजीत चन्नी और राजा वड़िंग करीब 3 महीने बाद साथ दिखे। प्रताप बाजवा ने कहा कि कांग्रेस बिना मुख्यमंत्री चेहरे के चुनाव लड़ेगी और बहुमत के बाद हाईकमान फैसला करेगा। वड़िंग ने CM भगवंत मान को मंच पर घेरने की चुनौती दी। NSUI कार्यकर्ताओं के नारेबाजी करने पर उन्होंने उन्हें बैठने को कहा (पढ़ें पूरी खबर)
2. साइड न देने पर भड़कीं AAP विधायक, थप्पड़ मारा

लुधियाना की AAP विधायक राजिंदरपाल कौर छीना पर ट्रक ड्राइवर को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। घटना सोमवार दोपहर डाबा रोड की है। विधायक की कार के पीछे ट्रक खड़ा था। ड्राइवर के साइड न देने पर कार का ड्राइवर हूटर बजाता रहा। विधायक गनमैनों के साथ उतरीं, ट्रक का दरवाजा खोलकर ड्राइवर को नीचे बुलाया। वायरल वीडियो में वह ड्राइवर को थप्पड़ मारती दिख रही हैं। ड्राइवर ने कहा कि वह सहम गया और अपनी गलती पूछने लगा।
विधायक ने थप्पड़ मारने से इनकार किया। उनका दावा है कि तेज रफ्तार ट्रक ने एक्टिवा और बाइक को टक्कर मारी थी। उन्होंने सिर्फ ड्राइवर के हाथ से चाबी छीनी और पुलिस को बुलाकर उसे सौंप दिया। ड्राइवर के साथियों ने धरना देकर FIR की मांग की। पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने इसे सत्ता के अहंकार और शर्मनाक गुंडागर्दी बताया। छीना 2022 में पहली बार विधायक बनी थीं (पढ़ें पूरी खबर)
3. CM की पोस्ट पर कमेंट, JE सस्पेंड

पटियाला में पावरकॉम के JE दविंदर मेहरा को CM भगवंत मान की फोटो वाली सोशल मीडिया पोस्ट पर आपत्तिजनक कमेंट करने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया। कर्मचारी संगठनों का दावा है कि कमेंट मेहरा ने नहीं किया, बल्कि AI के जरिए फर्जी तरीके से उनकी ID से पोस्ट किया गया। मेहरा का कहना है कि उन्हें 11 सितंबर को बुलाकर सीधे सस्पेंड और बठिंडा के लिए रिलीव कर दिया गया, कारण भी बाद में पता चला।
जॉइंट फोरम ने कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए कहा कि मेहरा ने कुछ लोगों के कथित गलत काम करने से इनकार किया था, जिसके चलते उन्हें फंसाने की साजिश रची गई। संगठन ने चीफ इंजीनियर से 7 दिन में निलंबन रद्द कर तोहड़ा सब-डिवीजन में बहाली की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर पंजाबभर में आंदोलन की चेतावनी दी गई। कर्मचारियों ने CM के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर “असली कमेंट” करने का ऐलान भी किया गया (पढ़ें पूरी खबर)
4. दवा के पैकेट में ड्रग्स, पंजाबी ड्राइवर को फांसी

सऊदी अरब में पठानकोट के बलजिंदर सिंह को ड्रग्स तस्करी के मामले में फांसी की सजा सुनाई गई है। परिवार के मुताबिक, करीब 3 साल पहले दुबई-सऊदी बॉर्डर पर उसके ट्रक से नशीला पदार्थ बरामद हुआ था। बलजिंदर करीब 10 साल से दुबई में ट्रक ड्राइवर था और नियमित रूप से सऊदी जाता था। परिवार का दावा है कि एक जानकार ने अपने बीमार पिता के लिए दवाइयों का पैकेट पहुंचाने को कहा।
बलजिंदर ने पहले दो बार मना किया, लेकिन बुजुर्ग की हालत देखकर मानवता के नाते पैकेट ले गया। बॉर्डर पर स्कैनिंग के दौरान पैकेट से कथित तौर पर ड्रग्स बरामद हुईं और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। परिवार का कहना है कि बलजिंदर अमृतधारी सिख, नशे से दूर और निर्दोष है। घर में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और दो बच्चे हैं। परिवार ने केंद्र और पंजाब सरकार से हस्तक्षेप कर सजा माफ कराने और बलजिंदर को भारत वापस लाने की गुहार लगाई है (पढ़ें पूरी खबर)
5. जनरेटर का धुएं से मौत, 4 की हालत नाजुक

अमृतसर में जनरेटर के धुएं से दम घुटने के एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। हादसा सोमवार शाम करीब 7 बजे हुआ। यहां गांधी ब्रदर लुधियाना घंटाघर वाली लॉटरी की दुकान की चौथी मंजिल पर बंद कमरे में जनरेटर रखा था। बिजली गुल होने पर जनरेटर चलाया गया, जिससे धुआं अंदर जमा हो गया। तीसरी मंजिल पर काम कर रहे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई और दो लोग बेहोश हो गए।
सभी पांच लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां खासा निवासी जोगिंदर सिंह की मौत हो गई। हीरा लाल, सुखदेव, आशीष दीप और जगजीत का इलाज जारी है। पुलिस जनरेटर समेत अन्य उपकरणों की जांच कर रही है। मृतक के परिवार ने कार्रवाई से इनकार कर दिया और आपसी राजीनामा होने के बाद शव ले गए (पढ़ें पूरी खबर)
6. कब्जा हटाने पहुंची पुलिस, तस्कर सोता मिला

जालंधर की मिट्ठू बस्ती में अवैध कब्जा हटाने पहुंची नगर निगम और पुलिस टीम को नशा तस्करी का आरोपी विक्रम सिंह उर्फ लक्की घर में सोता मिला। मंगलवार सुबह लेडी कॉन्स्टेबल ने डोरबेल बजाई तो वह आंखें मलते हुए बाहर आया। SHO को सामने देखकर हैरान विक्रम ने उनके पैर छू लिए। मीडिया की मौजूदगी में पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
नगर निगम के मुताबिक विक्रम ने मकान नंबर 1026 में अवैध निर्माण कराया था। नोटिस के बावजूद जवाब या दस्तावेज नहीं देने पर घर का अवैध हिस्सा गिराया गया। पुलिस के अनुसार विक्रम पर करीब 12 केस दर्ज हैं। वह सभी मामलों में जमानत पर था। DCP आदित्य वारियर ने कहा कि उसे कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका में डिटेन किया गया। घर की तलाशी में नशा मिलने पर अलग कार्रवाई होगी (पढ़ें पूरी खबर)
7. चोरी के शक में महिला की चप्पलों से पिटाई

फाजिल्का में चोरी के शक में एक महिला की लोगों ने चप्पलों से जमकर पिटाई की। घटना का 26 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें लोगों ने महिला के मुंह पर 11 बार चप्पल मारी। खुद को बचाने के लिए महिला मुंह पर हाथ रखती नजर आई। पुलिस के मुताबिक, जलालाबाद के गांव चक्क खुंडवाला में महिला को मोबाइल और सोना चोरी के आरोप में पकड़ा गया था।
पिटाई के बाद वह मौके से भाग निकली। चौकी घुबाया प्रभारी अभिषेक शर्मा ने बताया कि दोनों को पकड़ लिया गया है। आरोपियों की पहचान ज्योति निवासी घुबाया और लवरोज उर्फ लवप्रीत निवासी चक्क खुंडवाला के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। उनसे नशा बरामदगी की भी सूचना है(पढ़ें पूरी खबर)
8. लॉरेंस का करीबी कनाडा से डिपोर्ट, एयरपोर्ट पर पकड़ा

पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी करमवीर सिंह को दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया। करमवीर को कनाडा से डिपोर्ट कर भारत लाया गया था। पुलिस के मुताबिक, उसने अमेरिका में लॉरेंस के भाई अनमोल बिश्नोई को लॉजिस्टिक सपोर्ट दिया था। करमवीर के खिलाफ SAS नगर के स्टेट क्राइम पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज है।
इसमें IPC, आर्म्स एक्ट और पासपोर्ट एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। पंजाब पुलिस ने 3 सितंबर को उसके खिलाफ LOC जारी किया था, जिसके चलते भारत पहुंचते ही उसे हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, करमवीर पर पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। अब उससे उसके विदेशी संपर्कों और लॉरेंस नेटवर्क में भूमिका को लेकर पूछताछ की जा रही है (पढ़ें पूरी खबर)
9. बैंड-बाजे के साथ बुजुर्ग की अंतिम विदाई

फाजिल्का में 86 साल के गिरधारी लाल परवाना को परिवार ने अनोखे अंदाज में अंतिम विदाई दी। परिजनों ने कहा कि गिरधारी लाल ने जीवनभर परिवार की जिम्मेदारियां निभाईं और किसी पर कोई बोझ नहीं छोड़ा। इसलिए उनके संतुष्ट जीवन को याद करते हुए बैंड-बाजे से अंतिम यात्रा निकाली गई। परिजन बैंड की धुनों के बीच शव को श्मशान भूमि तक लेकर पहुंचे, जहां अंतिम संस्कार किया गया।
बेटे वेद प्रकाश परवाना ने बताया कि उनके पिता को कभी कोई गंभीर बीमारी नहीं रही। उन्होंने स्वस्थ जीवन जीया और परिवार की सभी जिम्मेदारियां पूरी कीं। गिरधारी लाल का जन्म फिरोजपुर जिले में हुआ था। वह अपने पीछे चार बेटे, पोते-पोतियां, बहुएं समेत करीब 50 सदस्यों का परिवार छोड़ गए। परिवार की चौथी पीढ़ी भी चल रही है (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके…
10. AI ने जिंदा युवक को मृत बता दिया

लुधियाना एनकाउंटर में मारे गए दो शूटरों में से एक की AI से पहचान गलत निकली। पुलिस ने तस्वीरें पंजाब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम (PAIS) में डालीं, जिसने एक मृतक की पहचान अमृतसर के संदीप के रूप में की। बाद में पता चला कि संदीप जिंदा है और जमानत पर बाहर है।
पुलिस के फिजिकल वेरिफिकेशन के बाद सामने आया कि मृतक असल में 18 वर्षीय गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी, निवासी धीना गांव, जालंधर था। उसका चेहरा संदीप से मिलता-जुलता था। दूसरे मृतक की पहचान करनजोत सिंह उर्फ नोनू के रूप में हुई। दोनों जालंधर के 20 जून के फायरिंग केस में वांटेड थे।
यह मामला 13 सितंबर का है जब आत्म नगर पार्क में ब्लड डोनेशन कैंप में विरोधी गैंग पर हमले की साजिश के दौरान पुलिस से मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से करीब 25 राउंड फायरिंग हुई और दोनों शूटर मारे गए। पुलिस के मुताबिक, उन्हें विदेशी गैंगस्टर शगनप्रीत और डोनी बल से टास्क मिला था। मौके से अत्याधुनिक हथियार बरामद हुए, जिनमें एक पाकिस्तान निर्मित बताया जा रहा है (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
