![]()
कोटा के जेकेलोन अस्पताल के बाहर ऑटो ड्राइवर पर नुकीली धारदार वस्तु से जानलेवा हमला कर दिया गया। सीने में गंभीर चोट लगने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। घटना नयापुरा थाना क्षेत्र के जेके लोन हॉस्पिटल के ऑटो स्टैंड पर मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे की है। मृतक की पहचान मुजाहिद हुसैन अंसारी (44) निवासी लाड़पुरा दरवाजा, कोर्ट के ऊपर के रूप में हुई है। वह ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। बुधवार को पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतक के छोटे भाई मुजम्मिल हुसैन ने बताया कि मेरा बड़ा भाई ऑटो चलाता था और कुछ समय पहले ही उसने बोरखेड़ा इलाके में किराए पर मकान लिया था। उसके साथ उसकी पत्नी और तीन बेटियां रहती है। दो ऑटो ड्राइवरों के बीच किसी बात को लेकर हुआ विवाद डीएसपी राजेश टेलर ने बताया कि मगलवार को किसी बात को लेकर दो ऑटो ड्राइवरों के बीच विवाद हो गया, जहां देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान एक ऑटो ड्राइवर ने दूसरे के सीने में नुकीली धारदार वस्तु से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से घायल ऑटो ड्राइवर को मौके पर मौजूद लोगों ने एमबीएस हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। नुकीली धारदार वस्तु से सीने पर किया वार नयापुरा थाना अधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि जेके लोन हॉस्पिटल के ऑटो स्टैंड पर मुजाहिद की उसके साथी ऑटो ड्राइवर शराफत हुसैन से कहासुनी हो गई। विवाद के दौरान शराफत ने नुकीली धारदार चीज से मुजाहिद के सीने पर वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि मुजाहिद के हार्ट में चोट पहुंची और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी ऑटो ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना पर नयापुरा थाना पुलिस और डीएसपी मौके पर पहुंचे। परिजनों को भी घटना की सूचना देकर अस्पताल बुलाया गया। डॉक्टरों ने मुजाहिद का उपचार शुरू किया, लेकिन हार्ट में गंभीर चोट और पंचर होने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थाना अधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि आरोपी शराफत हुसैन नेहरू कॉलोनी का रहने वाला है और वारदात के बाद से फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
Source link
कोटा के जेकेलोन अस्पताल के बाहर ऑटो ड्राइवर की हत्या:धारदार हथियार से सीने पर किया हमला, इलाज के दौरान मौत; आरोपी भागा
