![]()
सुहागपुरा थाना क्षेत्र के झनिया गांव में कीटनाशक के संपर्क में आने से एक 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की मौत हो गई। युवती की तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार सुबह उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुहागपुरा थानाधिकारी मनीष वैष्णव ने बताया कि झनिया निवासी रूपलाल मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनकी पुत्री मनीषा मीणा (19), जो नर्सिंग की कोचिंग कर रही थी, 12 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे अपने पिता के साथ खेत पर कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रही थी। दिनभर छिड़काव करने के बाद शाम को मनीषा घर लौटी और उसे बेचैनी महसूस होने लगी। खाना खाने के बाद वह सो गई, लेकिन देर रात अचानक उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। उपचार के दौरान सोमवार सुबह करीब 8 बजे मनीषा ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर सुहागपुरा पुलिस जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंची। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Source link
कीटनाशक दवा छिड़कर घर लौटी लड़की, अचानक तबीयत बिगड़ी:अस्पताल लेकर गए परिजन, इलाज के दौरान दम तोड़ा
