पोकरण में पुलिस पर युवक से मारपीट का आरोप:नकली नोट के शक में सुबह से शाम तक थाने में बैठाया, रात में भीड़ ने किया प्रदर्शन




पोकरण कस्बे में बुधवार रात पुलिस थाने के बाहर उस समय हंगामा हो गया, जब बड़ी संख्या में लोग एक युवक से पुलिस द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन करने लगे। लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई और संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। देर रात तक थाने के बाहर धरना और विरोध प्रदर्शन चलता रहा। पेट्रोल पंप पर 500 का नोट देने के बाद शुरू हुआ विवाद बागवानों का वास निवासी 22 वर्षीय श्रवण पुत्र कोजाराम माली इलेक्ट्रिशियन का काम करता है। वह बुधवार सुबह सांकड़ा गांव जा रहा था। रास्ते में सांकड़ा फांटा के पास स्थित जुबली पेट्रोल पंप पर उसने बाइक में पेट्रोल भरवाया। इसके बाद उसने भुगतान के लिए 500 रुपए का नोट दिया। पेट्रोल पंप कर्मचारी ने नोट को नकली बताया और इसकी सूचना पुलिस को दी। श्रवण के मुताबिक, उसने पेट्रोल के पैसे ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए थे। इसके बावजूद मौके पर पहुंची पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई। युवक ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप श्रवण के अनुसार, पुलिस ने उसे शाम करीब 6 बजे थाने से छोड़ा। थाने से बाहर निकलने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज कराया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। युवक के साथ कथित मारपीट को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद लोग पोकरण पुलिस थाने के बाहर जमा होने लगे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। थाने के बाहर धरने पर बैठे लोग प्रदर्शन कर रहे लोगों ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने। इसके बाद भीड़ ने थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया। रात करीब 8:30 बजे प्रदर्शनकारी युवक को अस्पताल से लेकर पोकरण पुलिस थाने पहुंचे। उसे थाने के सामने बैठा दिया गया। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। रात 9 बजे पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा बुधवार शाम करीब 7 बजे शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन रात करीब 9 बजे अचानक तेज हो गया। इसके बाद पुलिस ने थाने के बाहर मौजूद भीड़ को खदेड़ दिया। युवक के परिजन उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठाकर वापस अस्पताल ले गए। रात करीब 9:10 बजे तक पुलिस थाने के बाहर धरना और विरोध प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *