भोपाल16 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

शहर में सड़क, पानी, सीवेज, सफाई, स्ट्रीट लाइट और जलभराव जैसी समस्याएं आमजन की रोजमर्रा की परेशानी का कारण बनती हैं। इन समस्याओं को सही जिम्मेदार तक पहुंचाने और समाधान की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए दैनिक भास्कर ने ‘भास्कर समाधान’ की शुरुआत की। पिछले तीन महीनों में इस प्लेटफॉर्म पर दर्ज हुई 3 हजार से ज्यादा जनसमस्याओं का समाधान कराया जा चुका है।
इसी पहल से जुड़कर लोगों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले 70 जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को सम्मानित किया गया। भोपाल स्थित दैनिक भास्कर कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में 43 पार्षद और 27 अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
दैनिक भास्कर डिजिटल मध्यप्रदेश के स्टेट एडिटर कपिल भटनागर ने सम्मानित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने का संकल्प भी दिलाया गया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए सभी सम्मानित सदस्यों को जूट बैग दिए गए।
40 से ज्यादा पार्षदों का हुआ सम्मान
‘भास्कर समाधान’ के जरिए सामने आई शिकायतों पर कार्रवाई करने वाले 43 पार्षदों को सम्मानित किया गया। इन शिकायतों में सड़क, सीवेज, स्ट्रीट लाइट, सफाई, पार्क, जलभराव और बेसहारा पशुओं से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं।
प्लेटफॉर्म पर समस्या की जानकारी और लोकेशन मिलने के बाद संबंधित पार्षदों तक शिकायत पहुंची। इसके बाद उन्होंने संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समस्याओं के समाधान में सहयोग किया।

पार्षद का नंबर नहीं, फिर भी पहुंची शिकायत
वार्ड 75 की पार्षद रीता विश्वकर्मा ने कहा कि कई लोगों के पास अपने पार्षद का मोबाइल नंबर या पता नहीं होता। ऐसे में ‘भास्कर समाधान’ ने लोगों को अपनी समस्या पहुंचाने का एक आसान माध्यम दिया है। उन्होंने बताया कि प्लेटफॉर्म के जरिए कई ऐसी समस्याओं की जानकारी भी मिली, जो पहले उनके संज्ञान में नहीं थीं। शिकायत मिलने के बाद उनका समाधान कराया जा रहा है।
वार्ड की समस्याओं की जानकारी सीधे मिल रही
वार्ड 60 की पार्षद बी. शक्ति राव ने कहा कि ‘भास्कर समाधान’ के माध्यम से उन्हें अपने वार्ड की कई ऐसी समस्याओं की जानकारी मिली, जिनके बारे में पहले पता नहीं चल पाता था। दैनिक भास्कर के जरिए लोगों को अपनी समस्या दर्ज कराने का माध्यम मिला और शिकायतें सीधे उनके संज्ञान में पहुंचीं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं पर उनके द्वारा हर संभव प्रयास कर समाधान कराया गया।

अधिकारियों ने भी निभाई अहम भूमिका
सिर्फ पार्षद ही नहीं, बल्कि नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी ‘भास्कर समाधान’ पर दर्ज समस्याओं के समाधान से जुड़े रहे हैं। इसी भूमिका के लिए 27 अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

इनमें स्वास्थ्य, सफाई, सड़क, बिजली, स्ट्रीट लाइट, सीवेज और निर्माण से जुड़े विभागों के अधिकारी शामिल रहे। प्लेटफॉर्म पर आई शिकायतों को संबंधित विभाग तक पहुंचाने के बाद मौके के अनुसार कार्रवाई कराई गई।

शिकायत दर्ज करने से लेकर समाधान तक की जानकारी
‘भास्कर समाधान’ का उद्देश्य लोगों को अपनी स्थानीय समस्या दर्ज कराने के लिए एक सीधा माध्यम देना है। दैनिक भास्कर एप में इस सेगमेंट पर जाकर यूजर समस्या की जानकारी, फोटो और सही लोकेशन के साथ शिकायत दर्ज कर सकता है।
शिकायत संबंधित अधिकारी, विभाग और जनप्रतिनिधि तक पहुंचती है। कार्रवाई के बाद समाधान की जानकारी भी प्लेटफॉर्म पर अपडेट की जा सकती है। इससे शिकायत की स्थिति को एक ही जगह पर देखा जा सकता है।

