![]()
हिमाचल के कांगड़ा स्थित शक्तिपीठ मां ज्वालामुखी मंदिर परिसर में गुरुवार देर शाम राजस्थान के एक युवक ने खुद को आग लगा ली। आग की चपेट में आने से युवक करीब 70 फीसदी झुलस गया। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पानी डालकर आग बुझाई और युवक को अस्पताल पहुंचाया। झुलसे युवक की पहचान रामदास पुत्र गजानंद निवासी जहालबाड़ बस स्टैंड, वार्ड नंबर 18, राजस्थान के रूप में हुई है। उसे 108 एंबुलेंस से ज्वालामुखी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय टांडा रेफर कर दिया। एंबुलेंस में बताया- अकेला दर्शन करने आया था
108 एंबुलेंस के पायलट संजय और ईएमटी विवेक शर्मा ने युवक को अस्पताल पहुंचाया। एंबुलेंस कर्मचारियों के अनुसार, अस्पताल ले जाते समय युवक होश में था और अपना नाम रामदास बता रहा था। उसने बताया कि वह अकेला ही मंदिर में दर्शन करने आया था। कर्मचारियों के मुताबिक, घर का पूरा पता बताते समय युवक की जुबान लड़खड़ा रही थी। इसके बावजूद वह अपनी पहचान और पता बताने का प्रयास कर रहा था। अस्पताल पहुंचने तक वह बातचीत की स्थिति में था। पेट्रोल या ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक ने खुद को आग लगाने के लिए पेट्रोल या किसी अन्य ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल किया था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक ने इतना गंभीर कदम क्यों उठाया। वह मंदिर में अकेला आया था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले की जांच जारी: संदीप धवल
एसपी देहरा संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कुछ माह पहले शिव मंदिर में युवक ने काटा था गला
ज्वालामुखी मंदिर क्षेत्र में कुछ माह पहले भी ऐसी ही गंभीर घटना सामने आई थी। मंदिर मार्ग पर स्थित एक शिव मंदिर में एक युवक ने कटर से अपना गला काट लिया था। घटना में उसकी मौत हो गई थी। अब ज्वालामुखी मंदिर परिसर में युवक के खुद को आग लगाने की घटना ने एक बार फिर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिर परिसर की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और परिस्थितियों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
Source link
ज्वालामुखी मंदिर में युवक ने खुद को लगाई आग:70% झुलसा; टांडा अस्पताल रेफर, राजस्थान का रहने वाला, अकेले दर्शन को आया था
