![]()
चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के नशे के खिलाफ सख्त एक्शन के निर्देश के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। महज कुछ दिनों में पुलिस ने 51 FIR दर्ज कर कई लोगों के खिलाफ प्रिवेंटिव एक्शन लेते हुए उन्हें जेल भेजा है। थाना प्रभारी और एरिया डीएसपी रात में फील्ड में उतर रहे हैं। घोड़ों से गश्त के अलावा कॉलोनियों, जंगलों, खंडहरों और नशे के संभावित अड्डों पर अचानक रेड की जा रही है। इसके बावजूद चंडीगढ़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दो युवक बैठे हुए इंजेक्शन लगाते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो के नीचे न्यू इंदिरा कॉलोनी लिखा हुआ है। यह वीडियो न्यू इंदिरा कॉलोनी का ही है या चंडीगढ़ के किसी दूसरे इलाके का, इसकी दैनिक भास्कर पुष्टि नहीं करता है। हालांकि, वीडियो चंडीगढ़ का होने की जानकारी सामने आई है। वीडियो छत से बनाया गया है। इसमें दो युवक बैठे दिखाई दे रहे हैं और दोनों नशे का इंजेक्शन लगाते नजर आ रहे हैं। पुलिस के लगातार एक्शन के बीच इस तरह का वीडियो सामने आना नशे के खिलाफ चल रहे अभियान की चुनौती को दिखाता है। 4 मिनट 12 सेकेंड के वीडियो में इंजेक्शन लगाते दिखे काले रंग की शर्ट पहने युवक को दूसरे ने बाजू में इंजेक्शन लगाया। इसके बाद आसमानी हाफ बाजू की टी-शर्ट वाले युवक ने अपनी बाजू में इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगाने के बाद काले शर्ट वाला युवक खड़ा होकर टहलने लगा और सिगरेट जलाई। इसके बाद दोनों युवक वहां से जाते दिखाई दिए। DGP-SSP खुद इलाकों में पहुंचकर कर रहे चेकिंग नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई सिर्फ थानों और चौकियों तक सीमित नहीं है। DGP डॉ. सागर प्रीत हुड्डा और SSP कंवरदीप कौर भी अलग-अलग इलाकों में जाकर स्थिति की जांच कर रहे हैं। पुलिस की टीमें लोगों के घरों में भी अचानक पहुंचकर चेकिंग कर रही हैं। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है और नशे के सप्लायरों और पैडलरों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। 51 FIR में ड्रग्स बरामद पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई में 51 FIR दर्ज की हैं। इन मामलों में ड्रग्स की बरामदगी भी हुई है। इसके अलावा कई लोगों के खिलाफ प्रिवेंटिव एक्शन लेकर उन्हें जेल भेजा गया है। पुलिस का फोकस केवल नशा करने वालों पर नहीं, बल्कि ड्रग्स की सप्लाई करने वाले लोगों तक पहुंचने पर भी है। जंगल एरिया, खंडहरों और श्मशान घाट के आसपास बनाए गए नशे के अड्डों पर माउंटेड पुलिस की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इन जगहों से पकड़े गए लोगों के पास से 10 रुपए के नोट, फॉइल पर लगा चिट्टा, लाइटर और गर्म करने वाले चम्मच बरामद किए गए। थाना प्रभारी और एरिया डीएसपी रात के समय भी फील्ड में उतर रहे हैं। स्थानीय पुलिस के साथ CRPF की टीमों को भी कार्रवाई में लगाया गया है। अलसुबह और देर रात संवेदनशील इलाकों में सरप्राइज चेकिंग और रेड की जा रही है। सप्लायर और पैडलरों की सूची तैयार कर रही CID पुलिस की CID विंग को भी सक्रिय किया गया है। CID की टीमें कॉलोनियों में मुखबिरों के जरिए ड्रग सप्लायरों और पैडलरों की जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस का उद्देश्य नशे की सप्लाई चेन तक पहुंचना है। दो या उससे अधिक NDPS मामलों वाले आरोपियों को PIT-NDPS के तहत एक साल तक डिटेन करने की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है। इसके जरिए बार-बार नशे के मामलों में सामने आने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी है। पुलिस एक्शन ले तो नशा खत्म हो सकता है चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया बीते वीरवार को नगर निगम के कार्यक्रम ‘नशा मुक्त चंडीगढ़’ में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा था कि पुलिस एक्शन ले तो नशा खत्म हो सकता है। उन्होंने एरिया पार्षदों से भी अपने-अपने क्षेत्रों में नशे को रोकने के लिए आगे आने को कहा था। इसके बाद नगर निगम की डिप्टी मेयर सुमन देवी ने पब्लिक मीटिंग में पुलिस के सामने अपने एरिया में नशे की स्थिति को लेकर जानकारी दी थी। उस दौरान DSP और IT पार्क थाना प्रभारी भी मौजूद थीं। डिप्टी मेयर ने तीन अलग-अलग वीडियो पुलिस को दिखाए थे। इनमें तीन युवक नशे की हालत में झूमते नजर आ रहे थे।
Source link
चंडीगढ़ नशे पर सख्ती, फिर भी इंजेक्शन लगाते वीडियो वायरल:प्रशासक का आदेश-51 FIR दर्ज, रात में रेड से लेकर घोड़ों से गश्त
