![]()
महिला कांग्रेस की हांसी जिला प्रभारी तृप्ता ठाकुर शुक्रवार को हांसी पहुंचीं। पार्टी ने उन्हें हांसी जिले में महिला कांग्रेस का संगठन बनाने की जिम्मेदारी दी है। पार्टी के संगठन सृजन अभियान के तहत वह जिले में महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष चुनेंगी। साथ ही, महिला कार्यकर्ताओं को संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां भी देंगी। हांसी के रेस्ट हाऊस में मीडिया से बात करते हुए तृप्ता ठाकुर ने बताया कि, वह हांसी जिले की महिला कार्यकर्ताओं से लगातार मिल रही हैं। महिला कार्यकर्ताओं के अनुभव और पार्टी के लिए किए गए कामों की जानकारी ले रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता ऐसे कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देना है, जो जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं और लगातार पार्टी के हित में काम कर रहे हैं। महिला आरक्षण लागू करने में क्यों देरी हो रही : तृप्ता महिला आरक्षण के मुद्दे पर तृप्ता ठाकुर ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने पूछा कि केंद्र में बहुमत की सरकार होने के बावजूद महिला आरक्षण लागू करने में देरी क्यों हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता लंबे समय से इसके लिए कांग्रेस के पूर्व नेताओं को जिम्मेदार ठहराते रहे हैं, जबकि केंद्र में भाजपा की सरकार कई सालों से है। भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दिए जलाने पर भी तृप्ता ठाकुर ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछना चाहती हैं कि ये दीए किस बात के जलाए जा रहे हैं। उनकी कुव्यवस्था ने कई घरों के दिए बुझा दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को अभियान चलाने के साथ आम लोगों की समस्याओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर भी ध्यान देना चाहिए। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस के होते तो खुशी होती: ठाकुर जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को कांग्रेस और आम आदमी पार्टी द्वारा प्रायोजित किए जाने के सवाल पर उन्होंने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अगर वहां प्रदर्शन करने वाले युवा कांग्रेस से जुड़े होते तो उन्हें खुशी होती। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में शामिल युवा पढ़े-लिखे और जागरूक थे। वे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने से पीछे नहीं हटे। कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की सूची में देरी को लेकर तृप्ता ठाकुर ने कहा कि जल्द ही जिला अध्यक्षों की सूची जारी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए कांग्रेस लगातार काम कर रही है और आने वाले समय में पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। इस मौके पर उनके साथ अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव डॉ. साक्षी चौधरी और पार्षद नितेश शर्मा भी मौजूद थे।
Source link
हांसी पहुंचीं महिला कांग्रेस की जिला प्रभारी:तृप्ता ठाकुर बोलीं- जमीनी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने पर जोर, सेवा संकल्प अभियान पर सवाल उठाए
