Headlines

Punjab CM Mann Convoy Attack | Chandigarh Congress Workers Controversy


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर CM भगवंत मान के काफिले पर हमला है। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत बिट्‌टू ने CM के काफिले पर टमाटर और अंडे मारे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. CM मान के काफिले पर हमला, बिट्‌टू ने अंडे मारे

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को लुधियाना में CM भगवंत मान के काफिले पर अंडे-टमाटर फेंके। बिट्टू ने पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के गेट के पास मुख्यमंत्री के काफिले की ओर शराब की बोतल लहराते हुए कहा कि वह मान को बोतल लौटा रहे हैं।

उन्होंने बोतलें फेंकते हुए कहा- भगवंत मान अपनी शराब का आनंद लो और अरविंद केजरीवाल को दिल्ली से पंजाब को लूटने दें।

प्रदर्शन के दौरान पंजाब पुलिस ने बिट्‌टू को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के बाद बिट्टू के एक्स हैंडल से पोस्ट किया गया- लोगों की आवाज को हिरासत और पर्चे से दबाया नहीं जा सकता। आज पंजाब पुलिस ने हमें हिरासत में ले लिया है, लेकिन हमारा हौसला बुलंद है। (पढ़ें पूरी खबर)

2. AAP का चुनावी कैंपेन लॉन्च, मान बोले- 1 अक्टूबर को फिर से टूं-टूं होगी

पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने लुधियाना से अपना चुनावी कैंपेन लॉन्च किया। पक्खोवाल रोड स्थित इंडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी का चुनावी पम्पलेट जारी किया।

CM ने कहा- हमने जितनी गारंटी लोगों को दी उससे ज्यादा काम किया। हमने सड़क सुरक्षा योजना के तहत सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) से हर साल 2700 लोगों की जान बचाई। इसकी तारीफ तो खुद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने की।

CM मान ने आगे कहा कि भाजपा-अकाली सरकारों के दौरान पंजाब में नशे की समस्या बढ़ी, अब वही लोग नशा विरोधी यात्रा निकाल रहे हैं। CM मान ने कहा कि 1 अक्टूबर को फिर से अगले 3 महीने की टूं-टूं होगी। महिलाओं को पैसे दिए जाएंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

3. दिल्ली CM बोलीं- AAP सरकार ने पंजाब को नशे में धकेला

पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने राज्य को नशे के दलदल में धकेल दिया है। यह आरोप दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने लगाया। वह फतेहगढ़ साहिब में शनिवार को भाजपा की नशामुक्त पंजाब यात्रा को रवाना करने पहुंचीं थीं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री का यहां पहुंचने पर प्रदेश भाजपा प्रधान केवल सिंह ढिल्लों व अन्य नेताओं ने स्वागत किया। रेखा गुप्ता ने कहा दिल्ली से आम आदमी पार्टी की विदाई हो गई है। अब पंजाब की बारी है।

उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो नशा तस्करों के खिलाफ सख्ती से निपटेगी और उन्हें सलाखों के पीछे धकेला जाएगा। गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भाजपा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पहुंचीं। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए छोटे साहिबजादों की शहादत को याद किया। (पढ़ें पूरी खबर)

4. लेडी SHO से बदसलूकी, निहंगों ने खींचतान की

अमृतसर में दो निहंग गुटों में झड़प हो गई। पुलिस की कार्रवाई से नाराज धरने पर बैठे निहंग सिंहों ने मेजर सिंह पेटेवाड़ ग्रुप से जुड़े एक निहंग को रेकी के शक में रोक लिया। बहस के बाद उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई और थप्पड़ मारे गए।

हंगामे की सूचना पर थाना गेट हकीमा की SHO मनजीत कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। घायल निहंग को छुड़ाने के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच भी खींचतान हुई।

इस दौरान कुछ लोग निहंग को पीटने के साथ उसकी पगड़ी भी खोलते दिखे। आरोप है कि बीच बचाव करने आई लेडी SHO से भी बदसलूकी की गई। बाद में पुलिस घायल निहंग को अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई। (पढ़ें पूरी खबर)

5. महिला की पेट-गर्दन काटकर हत्या, लाश नहर किनारे फेंकी

लुधियाना में धारदार हथियारों से काटकर एक महिला की हत्या कर दी गई। इसके बाद उसकी लाश को नहर के पास फेंक दिया गया। पुलिस वहां पहुंची तो महिला के पेट के अगले हिस्से और गर्दन को काटा गया था। मृतक महिला की दाएं बाजू पर अंग्रेजी में ‘Money’ का टैटू गुदा हुआ है और बाईं बाजू पर 3 स्टार बने हुए हैं।

पुलिस ने तुरंत लाश को अस्पताल भिजवाया। महिला की उम्र करीब 30 साल है। पुलिस उसके हाथ में बने टैटू के आधार पर उसकी पहचान की कोशिश कर रही है।

लालटन बस स्टॉप से ​​खेरी जा रहे कुछ राहगीरों ने सुबह-सुबह एक सुनसान सड़क पर खाली पड़े एक प्लॉट में इस महिला के शव को देखा था। शव देखते ही राहगीरों ने तुरंत लालटन चौकी की पुलिस को सूचना दी। (पढ़ें पूरी खबर)

6. कोठी में महिला को बंधक बनाकर लूटा

जालंधर में शुक्रवार देर रात लुटेरों ने एक कोठी में घुसकर महिला को बंधक बना लिया। महिला के मुताबिक, जिस समय लूट हुई, वह घर में अकेली थी। 7 लुटेरों ने आते ही उसके हाथ-मुंह पर पट्टी बांध दी। इसके बाद अलमारी के लॉक तोड़कर 22 तोले सोने के गहने और 5 लाख रुपए कैश लूट लिया।

वारदात के बाद आरोपी महिला को वहीं छोड़कर फरार हो गए। घटना CCTV कैमरों में भी कैद हुई है, जिसमें कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर कोठी की दीवार फांदते नजर आ रहे हैं।

इसके बाद महिला ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना के बाद पहुंची जालंधर पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए और सीसीटीवी फुटेज से लुटेरों को तलाश शुरू की। (पढ़ें पूरी खबर)

7. 22 सितंबर को iPhone का लंगर लगाएंगे कारोबारी

राजा दी किंग के नाम से सोशल मीडिया पर मशहूर कारोबारी राकेश त्रेहन चंडीगढ़ और मोहाली में 22 सितंबर को iPhone का लंगर लगाएंगे। इसके लिए चंडीगढ़ के सेक्टर 10 में सुबह 12 बजे का टाइम तय किया गया है। आईफोन सिर्फ 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को दिए जाएंगे।

इसके लिए पहले से बताए गए वॉट्सएप ग्रुप में शामिल महिलाओं को ही पात्र माना जाएगा। राकेश के मुताबिक, इसमें महिलाओं को iPhone-17 या उससे ऊपर के मॉडल वाले ही मोबाइल दिए जाएंगे, जिनकी कीमत 1 लाख रुपए से ज्यादा ही है। उन्होंने कहा कि एक हजार आईफोन का ऑर्डर दे चुके हैं।

कारोबारी के मुताबिक, पहले दिन 10 आईफोन बांटे जाएंगे। चंडीगढ़ के बाद जीरकपुर और पंचकूला में आईफोन का लंगर लगाया जाएगा। राजा त्रेहन इससे पहले चंडीगढ़ में 500 के नोटों और पेट्रोल का लंगर लगा चुके हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

8. बाबा नानक के विवाह पर्व पर स्टंट करता ट्रैक्टर पलटा

गुरदासपुर के बटाला में पहली पातशाही श्री गुरु नानक देव जी महाराज के विवाह पर्व में शामिल होने ट्रैक्टरों पर आए हुल्लड़बाज का स्टंटबाजी करते हुए ट्रैक्टर पलट गया। ट्रैक्टर पलटने वाले स्टंट को नितिश शर्मा नामक इंस्टा आईडी से शेयर किया गया।

दैनिक भास्कर टीम ने जब नितिश से बात की तो उसने बताया कि वीडियो गुरुवार रात बटाला-जालंधर रोड की है। विवाह पर्व पर युवक ट्रैक्टर को सड़कों पर तेज घुमा रहे थे और एकदम ब्रेक लगाकर इनको टर्न कर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर पलट गया जिसके नीचे दोनों युवक दब गए।

हालांकि वहां मौजूद लोगों ने दोनों को बचा लिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, लेकिन इससे पहले ही युवक मौके से खिसक गए। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर विदेश से

9. कनाडा से अस्थि-विसर्जन के लिए घाट बना

कनाडा में रहने वाले पंजाबियों समेत सभी भारतीयों को अब दिवंगत परिजनों की अस्थियां विसर्जित करने के लिए भारत आने की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए कनाडा की सरी सरकार ने अस्थि विसर्जन के लिए नदी पर रैंप बना दिया है।

सरी पब्लिक वार्फ (सरी का सार्वजनिक घाट) पर अस्थि विसर्जन के लिए आधिकारिक स्थल तैयार किया गया है। यहां परिवार नदी के पानी में अस्थियां विसर्जित कर सकेंगे।

हालांकि, इसके लिए अस्थि विसर्जन करने वाले परिवार को पहले से ऑनलाइन बुकिंग करनी पड़ेगी। इसके लिए 14 हजार 500 भारतीय रुपए फीस भी रखी गई है। साथ ही सरी प्रशासन का एक व्यक्ति भी अस्थि विसर्जन करने वालों के साथ रहेगा। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. कांग्रेस वर्करों ने अपनी ही पार्टी का झंडा जलाया

जालंधर के कंपनी बाग चौक (श्रीराम चौक) पर शनिवार को भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस के रोष प्रदर्शन के दौरान उस समय अजीब स्थिति बन गई, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाते हुए पार्टी का अपना झंडा भी आग की चपेट में आ गया।

इतना ही नहीं, केंद्र सरकार के खिलाफ आयोजित प्रदर्शन में कुछ कार्यकर्ता पंजाब सरकार के खिलाफ नारे लगाते नजर आए। कांग्रेस की ओर से केंद्र सरकार की नीतियों और UPI पर टैक्स लगाने के फैसले के विरोध में प्रदर्शन आयोजित किया गया था।

इसमें कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं शहरी प्रधान राजिंदर बेरी, पार्षद शैरी चड्ढा समेत कई नेता और कार्यकर्ता पहुंचे थे। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने स्थिति संभालने की कोशिश की। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *