![]()
पीलीभीत में वन्यजीवों का इंसानी इलाकों में आने का सिलसिला जारी है। ताजा मामला पूरनपुर ब्लॉक के नजीरगंज दुर्जनपुर कला गांव का है। यहां खेतों के बीच अचानक एक तेंदुआ दिखा, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। शनिवार शाम 5 बजे एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें तेंदुए को खेतों के बीच छलांग लगाते साफ देखा जा सकता है। ग्रामीण हमेशा की तरह अपने खेतों में काम कर रहे थे। तभी उनकी नजर तेंदुए पर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेंदुआ गांव के रामपाल के गन्ने के खेत से निकला। वह कुछ ही दूरी पर स्थित इदरीश के धान के खेत की ओर तेजी से छलांग लगाकर चला गया। पलक झपकते ही तेंदुआ घनी फसलों के बीच गायब हो गया। वीडियो के आधार पर तेंदुए की तलाश जारी दिन के उजाले में तेंदुए को इतना करीब देखकर किसानों में अफरातफरी मच गई। जैसे ही यह खबर आसपास के इलाकों में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित कई लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर खेतों के आसपास पहरा देते दिखे। ग्रामीणों ने बताया कि इस इलाके में पिछले दो दिनों से तेंदुए की संदिग्ध गतिविधियां दिख रही थीं। अब दिन में उसके साफ दिखने से डर और बढ़ गया है। फिलहाल खेतों में गन्ने और धान की घनी फसल खड़ी है। यह तेंदुए के छिपने की अच्छी जगह बन गई है। इससे किसानों का खेतों में काम करना भी खतरनाक हो गया है। डरे हुए किसानों ने वन विभाग से तुरंत मदद मांगी है। उनकी मांग है कि मौके पर वन विभाग की टीम भेजकर तलाशी कराई जाए। साथ ही तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाए। इस पूरे मामले पर पीलीभीत के डीएफओ भरत कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
Source link
पीलीभीत में घूमता दिखा तेंदुआ:खेतों के बीच छलांग लगाते दिखा, किसानों में डर
