Headlines

जनशताब्दी एक्सप्रेस के इंजन से मिला महिला का सिर:बोकारो में तेज बदबू आने पर हुई गहन जांच, पुलिस ने शुरू की पड़ताल




बोकारो में शनिवार को पटना से रांची जाने वाली 12365 अप जनशताब्दी एक्सप्रेस के इंजन से एक महिला का कटा सिर मिला। ट्रेन के बोकारो रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंचते ही इंजन के अगले हिस्से से तेज बदबू आने लगी। इस घटना से स्टेशन पर हड़कंप मच गया। बदबू की जानकारी मिलने पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने इंजन के कैटल गार्ड के आसपास जांच शुरू की। जांच के दौरान इंजन के एक हॉल के अंदर करीब 50 वर्षीय महिला का कटा हुआ सिर मिला। सिर बहुत खराब हालत में था और उससे तेज बदबू आ रही थी। आरपीएफ की मौजूदगी में सिर को बाहर निकाला गया। इसके बाद जीआरपी ने पंचनामा कर उसे अपने कब्जे में ले लिया। इस घटना के बाद ट्रेन करीब एक घंटे तक बोकारो रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। सिर मिलने की खबर से यात्रियों और रेलकर्मियों के बीच भी अफरातफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, गोमो स्टेशन पर जनशताब्दी एक्सप्रेस के चालक को बदला जाता है। गोमो में इंजन के आगे से बदबू आने की जानकारी मिली थी, जिस पर हल्की जांच की गई। उस समय सोचा गया कि शायद कोई चूहा मरकर इंजन के किसी हिस्से में फंस गया होगा। इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ गई। चंद्रपुरा स्टेशन पहुंचने तक बदबू और बढ़ गई थी। बोकारो रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद इंजन के अगले हिस्से की गहरी जांच की गई, जिसमें महिला का कटा सिर मिला। आरपीएफ ओसी संतोष कुमार ने बताया कि बदबू की सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने इंजन के आगे काफी तलाश की। उन्होंने बताया कि यह सिर इंजन के आगे कैसे पहुंचा, इसे किसने वहां रखा और महिला की पहचान क्या है, इन सभी बातों की जांच की जा रही है। स्टेशन प्रबंधक संतोष कुमार नायक ने बताया कि ट्रेन सुबह 11:35 बजे प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची थी। सिग्नल देने के बाद पायलट ने वॉकी-टॉकी से कंट्रोल को इंजन के आगे कटा हुआ सिर होने की सूचना दी। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी को बुलाकर जांच कराई गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *