Headlines

कैथल में क्योड़क के सरपंच को किया निलंबित:विकास कार्यों में मिली गड़बड़ी, तय रेट से ज्यादा में खरीदे पेवर ब्लॉक




कैथल जिले के बड़े गांव क्योड़क के सरपंच जसबीर सिंह को विकास कार्यों में अनियमितताओं के मामले में निलंबित कर दिया गया है। पंचायत में 15वें वित्त आयोग के तहत करवाए गए कार्यों और अन्य विकास कार्यों के रिकॉर्ड की जांच के बाद तैयार रिपोर्ट के आधार पर डीसी अपराजिता ने यह कार्रवाई की है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन ने पंचायत के रिकॉर्ड की जांच करवाई थी। दरअसल, गांव निवासी बलदेव समेत अन्य ग्रामीणों ने सीएम कार्यालय में शिकायत देकर पंचायत की ओर से करवाए गए विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितताओं और रिकॉर्ड में पारदर्शिता नहीं बरतने के आरोप लगाए थे। शिकायत के आधार पर मामले की जांच जिला परिषद के अधिकारियों को सौंपी गई। जांच में पंचायत द्वारा करवाए गए विभिन्न कार्यों के रिकॉर्ड और भुगतान से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। वहीं सरपंच जसबीर सिंह का पक्ष जानने के लिए फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। बाद में उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। पेवर ब्लॉक की खरीद में दरों को लेकर आपत्ति जांच रिपोर्ट में पंचायत द्वारा करवाए गए कई कार्यों में अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, पीडब्ल्यूडी रोड तक गली निर्माण सहित कुछ कार्यों के लिए अतिरिक्त स्वीकृति और अनुमति से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की गई। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर पेवर ब्लॉक लगाने के कार्य में बिलों की अदायगी से संबंधित रिकॉर्ड भी जांचा गया। रिपोर्ट में पेवर ब्लॉक की खरीद की दरों को लेकर भी आपत्ति दर्ज की गई है। जांच के अनुसार, 60 एमएम पेवर ब्लॉक की खरीद 10.85 रुपए प्रति इकाई की दर से की गई, जबकि जिले में निर्धारित डीसी रेट 9.35 रुपए बताया गया है। इसी तरह 80 एमएम पेवर ब्लॉक की खरीद 12.50 रुपए की दर से की गई, जबकि डीसी रेट 11 रुपए बताया गया है। रिपोर्ट में तकनीकी स्वीकृति और निर्धारित प्रक्रिया से जुड़े बिंदुओं पर भी सवाल उठाए गए हैं। रिपोर्ट के बाद डीसी ने लिया फैसला जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी रितु लाठर ने बताया कि विकास कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत मिली थी। जांच करवाई गई, जिसमें शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर सरपंच को निलंबित किया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *