![]()
पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले पर अंडे और टमाटर फेंके जाने की घटना को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व खेल व शिक्षा मंत्री और जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह ने आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। परगट ने इसे पंजाब की बदकिस्मती करार देते हुए कहा कि राज्य में अब बुनियादी मुद्दों को छोड़कर अंडों और टमाटरों की घटिया राजनीति की जा रही है, जिसकी वह कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। परगट सिंह ने कहा कि AAP और BJP A और B टीम हैं। दोनों दल जानबूझकर पंजाब में ऐसा माहौल बना रहे हैं जैसे मुकाबला सिर्फ उन्हीं के बीच है और कांग्रेस कहीं दौड़ में ही नहीं है। उन्होंने कहा कि असली राजनीति किसी पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने की होती है, जैसे गुलज़ार सिंह का मामला, जिसे मरने के लिए मजबूर किया गया। मान सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने के बजाय अंडे-टमाटर की राजनीति के जरिए मीडिया में बने रहने का नाटक कर रही है। भाजपा, अकाली दल और आप का घड़ा भर चुका है और आगामी 2-3 महीनों में जनता इन्हें गायब कर देगी। सीमा पर नशा रोकने में नाकाम केंद्र, BJP को आनी चाहिए शर्म
पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए परगट सिंह ने कहा कि जब कानून की रक्षा करने वाले लोग ही सुरक्षित नहीं हैं, तो इससे बुरी स्थिति क्या होगी। बीजेपी द्वारा निकाली जा रही नशा विरोधी यात्रा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12-13 सालों से केंद्र में बीजेपी की सरकार है। सीमा से 50 किलोमीटर के दायरे में बीएसएफ का अधिकार क्षेत्र है, फिर भी पंजाब में नशा बिक रहा है। अब इनके गृहमंत्री पंजाब आकर ‘डबल इंजन’ सरकार बनाने की बात कह रहे हैं। इसका सीधा मतलब है कि बीजेपी जानबूझकर पंजाब में नशा बिकने दे रही है। बीजेपी को इस बात पर शर्म आनी चाहिए, उनकी इस यात्रा को राज्य में कोई भी गंभीरता से नहीं ले रहा है। कोच-खिलाड़ी का रिश्ता पवित्र, आरोपी को मिले कड़ी से कड़ी सजा
पटियाला में कोच पर लगे रेप के आरोपों पर परगट सिंह ने कहा कि खेल की दुनिया में इस तरह की घटनाएं बेहद शर्मनाक हैं। खिलाड़ी, खासकर हमारी बेटियां, जब मैदान में उतरती हैं तो कोच के साथ उनका एक बेहद पवित्र और विश्वास का रिश्ता होता है। आरोपी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून सबके लिए बराबर है। सिस्टम को ऐसे व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कड़ी से कड़ी सजा देनी चाहिए ताकि आगे कोई ऐसा दुस्साहस न कर सके।
Source link
जालंधर कैंट MLA बोले-अंडा-टमाटर पॉलिटिक्स बदकिस्मती:AAP-BJP खेल रहीं फिक्स मैच; सही राजनीति पीड़ित के साथ खड़े होने की
