![]()
जबलपुर पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से रविवार को ढाई लाख रुपए बरामद किए हैं। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के गोपाल बाग स्थित कदम ट्री होटल की है। पुलिस के मुताबिक, यहां जबलपुर के एक व्यापारी से युवती ने ब्लैकमेल कर रुपए लिए। इसी दौरान पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली की रहने वाली है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला की सार्थक सिंह से करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों अक्सर मिलते-जुलते थे। कोतवाली थाना पुलिस ने पूजा रौदास (25) के खिलाफ एक्सटॉर्शन की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 18 सितंबर को कोतवाली में की शिकायत जानकारी के मुताबिक, ग्वारीघाट निवासी सार्थक सिंह व्यापारी हैं। अप्रैल 2025 में उनकी पूजा रैदास से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी। पूजा बार में डांस करती है और खुद को स्टूडेंट बताती थी। इसके बाद दोनों की अक्सर मुलाकात होने लगी। सार्थक कई बार उसे छोड़ने बिरसिंहपुर भी गए। 18 सितंबर को सार्थक सिंह ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत में उन्होंने बताया कि पूजा रैदास से उनके प्रेम संबंध हैं। उन्होंने अब तक उसकी कई इच्छाएं पूरी करने के लिए लाखों रुपए का सामान खरीदकर दिया है। आरोप है कि अब पूजा उन्हें ब्लैकमेल कर रही है और ढाई लाख रुपए की मांग कर रही है। जैसे ही रुपए लेकर निकली पुलिस ने किया गिरफ्तार पुलिस ने व्यापारी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसे महिला को फोन कर यह बताने के लिए कहा कि रुपए का इंतजाम हो गया है। रविवार दोपहर पूजा रैदास गोपालबाग स्थित होटल पहुंची। यहां सार्थक सिंह के साथ सिविल ड्रेस में महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद थीं। पूजा जैसे ही सार्थक के कमरे में पहुंची और ढाई लाख रुपए लेकर बाहर निकलने लगी, पुलिस ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। सीएसपी अखिलेश गौर ने बताया कि महिला को हिरासत में लेने के बाद उसके परिवार को सूचना दे दी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link
जबलपुर में हनीट्रैप का शिकार हुआ व्यापारी:होटल में बार डांसर ने लिए ढाई लाख, FIR की दे रही थी धमकी
