Headlines

हरियाणा रोडवेज बस ने बाइक सवार कुचला, मौत:कुरुक्षेत्र में सिर के ऊपर टायर चढ़ाया, 100 मीटर तक घसीटा; 7 दिन पहले जन्मदिन था




कुरुक्षेत्र के पिहोवा में हाईवे पर तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद बस बाइक और युवक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई और उसके सिर के ऊपर से टायर निकाल दिया। युवक हाईवे पर पेट्रोल पंप से अपनी स्प्लेंडर बाइक में पेट्रोल डलवाकर वापस गांव जा रहा था। जैसे ही हाईवे से गांव की तरफ जा रहा था, तभी पंचकूला डिपो की अंबाला से भिवानी जा रही बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ड्राइवर-कंडक्टर मौके से फरार हो गए। बस में सवार लोगों ने ही पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने बस नंबर के आधार पर अज्ञात बस ड्राइवर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और बस को कब्जे में लिया है। परिजनों के अनुसार, युवक का 7 दिन पहले ही 13 सितंबर को जन्मदिन था। पिता की 10 साल पहले ही मौत हो चुकी है और बहन शादीशुदा है। काम से मलिकपुर गांव आया था सुशील मृतक की पहचान हरिगढ़-भौरख गांव निवासी सुशील (22) के रूप में हुई। चचेरे भाई राहुल के अनुसार, सुशील सुबह 10 बजे मलिकपुर बस स्टैंड के पास हाईवे किनारे पेट्रोल पंप से बाइक (HR41F-3635) में पेट्रोल डलवाने गया था। इसके बाद वह बाइक लेकर अपने गांव की तरफ लौट रहा था। हाईवे क्रॉस करते समय बस ने टक्कर मारी परिजनों के मुताबिक, सुशील हाईवे क्रॉस कर रहा था। इसी दौरान अंबाला की तरफ से भिवानी जा रही पंचकूला डिपो की बस (HR68 GV-4544) ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सुशील बाइक समेत सड़क पर गिर गया। चश्मदीद के अनुसार, बस का पहिया उसके सिर के ऊपर से निकल गया और बस उसे बाइक समेत करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गई। मौके पर मौत, बस पुलिस के कब्जे में हादसे की सूचना मिलने पर इस्माईलाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। सुशील के शव को कब्जे में लेकर पिहोवा के सरकारी अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने रोडवेज बस को भी कब्जे में लिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पिता की 10 साल पहले मौत हो चुकी परिवार के मुताबिक, सुशील ग्रैजुएट है और काम की तलाश में था, अभी कुछ नहीं करता था। उसके पिता धर्मपाल की करीब 10 साल पहले मौत हो चुकी है। बड़ा भाई साहिल करीब 2 साल पहले यूरोप गया था और अभी फ्रांस में रह रहा है। मार्च में ही सुशील ने अपनी इकलौती बड़ी बहन कोमल की पिहोवा में शादी की थी। सुशील की शादी नहीं हुई थी और घर में वो और उसकी माता सुदेश रानी ही थे। SHO बोले- अज्ञात ड्राइवर पर केस, तलाश जारी थाना इस्माईलाबाद के SHO रामपाल शर्मा ने बताया कि बस नंबर के आधार पर अज्ञात ड्राइवर केस दर्ज किया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी और ड्राइवर की तलाश की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *