बांदनवाड़ा-टोल पर फायरिंग कर भागे बदमाश पकड़े:पीसांगन और ब्यावर सदर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा; थाने के सामने ट्रैक्टर-टेंपो से की थी बैरिकेडिंग




रविवार को भिनाय थाना क्षेत्र के बांदनवाड़ा टोल प्लाजा पर फायरिंग और उत्पात मचाकर फरार हुए बदमाशों को पीसांगन और ब्यावर सदर पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने 2 कैंपर गाड़ियां जब्त की हैं और एक बदमाश को खेतों में दौड़ाकर पकड़ा है। पुलिस ने बताया कि बदमाश रविवार को बांदनवाड़ा टोल पर फायरिंग कर दो कैंपर गाड़ियों में सवार होकर भागे थे। उन्होंने ब्यावर सदर पुलिस की नाकाबंदी तोड़ दी और सरमालिया चौराहा से फरार हो गए। सूचना मिलने पर ब्यावर सदर थाना पुलिस ने बदमाशों का पीछा शुरू किया और पीसांगन पुलिस को अलर्ट किया। पीसांगन थाना क्षेत्र में बदमाशों के घुसने की सूचना पर थानाधिकारी पारुल यादव ने तुरंत हथियारबंद नाकाबंदी के आदेश दिए। थाने के बाहर पुलिस ने ट्रैक्टर, लोडिंग टेंपो और अन्य साधनों से रास्ता पूरी तरह ब्लॉक कर दिया। पुलिसकर्मी मुस्तैदी से तैनात हो गए। तेज रफ्तार और अनजान रास्तों के कारण एक कैंपर को बदमाश नया गांव स्थित बाबा रामदेव नई धाम के पीछे छोड़कर फरार हो गए। दूसरी कैंपर थाने के सामने पहुंची, लेकिन पुलिस की बैरिकेडिंग देखकर बदमाश गली में घुस गए। आगे रास्ता बंद होने से कैंपर फंस गई, जिसे छोड़कर बदमाश खेतों की ओर भागे। पीछा कर रही ब्यावर सदर पुलिस और पीसांगन पुलिस ने खेतों में दौड़ लगाकर एक बदमाश को पकड़ लिया। बाद में पीसांगन पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों कैंपरों को जब्त कर थाने में खड़ा करवाया। पुलिस ने आगे बताया कि एक बदमाश कैंपर छोड़कर खेतों से भागता हुआ आबादी क्षेत्र में घुस गया। वहां मौजूद महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए हाथों में पत्थर लेकर बदमाश को घेर लिया, जिससे पुलिस को उसे पकड़ने में मदद मिली। सूचना पर सीओ दीप्ति नीरज गुप्ता मांगलियावास थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पकड़े गए बदमाश से फिलहाल गहन पूछताछ जारी है। फरार आरोपियों की आसपास के खेतों में लगातार तलाश की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *