![]()
राजसमंद जिले के गढ़बोर कस्बे में मेवाड़ के प्रसिद्ध धाम चारभुजा में जलझूलनी एकादशी का मुख्य मेला मंगलवार को भरेगा। मेले में श्रद्धालु सुगम तरीके से चारभुजानाथ के दर्शन कर सकें, इसके लिए पुलिस प्रशासन सहित पुजारी परिवार ने पुख्ता तैयारियां की हैं। मेले में हर साल राजस्थान के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश सहित देश के कई इलाकों से श्रद्धालु आते हैं। मेले की औपचारिक शुरूआत रविवार से हो चुकी है। रविवार को पुजारी परिवार ने विधि-विधान से हवन अनुष्ठान किया। गुर्जर समाज के पुजारी परिवार की ओर से मंदिर परिसर और दूध तलाई पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन किया गया। इस दौरान श्रीचारभुजा नाथ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। हवन-यज्ञ के दौरान पुजारी परिवार और श्रद्धालुओं ने इंद्रदेव से अच्छी बारिश की कामना की। साथ ही कामना की कि जलझूलनी एकादशी के दिन जब ठाकुरजी निज मंदिर से पालकी में विराजमान होकर दूध तलाई पर झूलने पधारें तो उसी समय इंद्रदेव भी वर्षा के रूप में पधारें और ठाकुरजी का जलाभिषेक करें। इस वर्ष पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण दूध तलाई में पानी नहीं है। ऐसे में जलझूलनी एकादशी पर होने वाले पारंपरिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं की नजरें आसमान पर टिकी हैं। पुजारी परिवार और श्रद्धालुओं ने अच्छी बारिश होने और दूध तलाई भरने की कामना की है।
Source link
चारभुजा में जलझूलनी एकादशी का मेला कल:हवन-अनुष्ठान कर बारिश की कामना; इस बार दूध तलाई में पानी नहीं
