Headlines

जालंधर में बच्चे की मौत पर परिजनों का हंगामा:अस्पताल पर इलाज में लापरवाही, बार-बार पैसे मांगने और मिलने न देने का लगा आरोप




जालंधर के कपूरथला चौक स्थित सत्यम अस्पताल में एक सात वर्षीय मासूम बच्चे की मौत के बाद भारी हंगामा खड़ा हो गया। पीड़ित परिवार ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें बच्चे से मिलने नहीं दिया गया और उसकी मौत की बात छुपाई गई। वहीं, इलाज के नाम पर लगातार पैसे जमा कराने का भी दबाव बनाया जाता रहा। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर सत्यम अस्पताल में भर्ती कराया
पीड़ित पिता शमशेर ने रोते हुए अपना दर्द बयां किया कि वे बेहद गरीब परिवार से हैं। बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर उसे सत्यम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने शुरुआत से ही उनसे केवल पैसों की मांग की। कभी दवाइयों के नाम पर, तो कभी टेस्ट के नाम पर हजारों रुपये जमा करवाए गए, लेकिन बच्चे की सही हालत के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

बच्चे से नहीं मिलने दिया गया परिवार के सदस्यों का कहना है कि जब भी वे बच्चे से मिलने की कोशिश करते, तो उन्हें बार-बार समय देकर टाल दिया जाता था। 5 बजे, 6 बजे और फिर 7-8 बजे का समय दिया गया, लेकिन मिलने नहीं दिया गया। परिजनों को जब शक हुआ और उन्होंने अंदर जाने की कोशिश की, तो अस्पताल के बाउंसरों और सिक्योरिटी गार्ड्स ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें जबरन बाहर निकाल दिया। काफी मशक्कत के बाद जब बच्चे के चाचा अंदर पहुंचे, तब जाकर पता चला कि बच्चे की मौत हो चुकी है। परिजनों का आरोप है कि जब बच्चे की मौत हो चुकी थी, तब भी अस्पताल प्रशासन उनसे पैसे ऐंठने में लगा हुआ था। अगर अस्पताल समय रहते उन्हें बच्चे की गंभीर स्थिति बता देता या डिस्चार्ज कर देता, तो वे उसे किसी अन्य अस्पताल ले जा सकते थे। मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक बच्चा अपने माता-पिता का अकेला बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं। इस दुखद घटना के बाद पीड़ित परिवार अस्पताल के बाहर बैठकर इंसाफ की गुहार लगा रहा है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी मामले की गंभीरता को देखते हुए 112 नंबर पर मिली शिकायत के बाद थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल के अंदर जाकर स्थिति का जायजा लिया और दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *