![]()
झज्जर सीआईए टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना सदर झज्जर क्षेत्र से एक युवक को 4 किलो 40 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रवि निवासी मदनपुर डबास, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सीआईए झज्जर की टीम थाना सदर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि मदनपुर डबास, दिल्ली निवासी रवि गांजा बेचने का अवैध धंधा करता है और रासलवाला चौक से कुछ दूरी पहले बहादुरगढ़ की तरफ खड़ा है। सूचना के आधार पर सीआईए झज्जर में तैनात उप निरीक्षक मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक युवक प्लास्टिक का कट्टा लिए खड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने उसे काबू कर कट्टे की नियमानुसार तलाशी ली। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान कट्टे से मादक पदार्थ बरामद हुआ। जांच में बरामद पदार्थ गांजा पाया गया। वजन करने पर कुल 4 किलो 40 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया। सीआईए झज्जर प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी को पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को दोबारा अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
Source link
झज्जर CIA ने 4 किलो गांजा पकड़ा, आरोपी गिरफ्तार:प्लास्टिक के कट्टे में मिला मादक पदार्थ, एक दिन के पुलिस रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा
