Headlines

मधेपुरा में शॉर्ट सर्किट से 5 फूस के घर जले:15 लाख की संपत्ति राख, बेटी की शादी का सामान और 1 लाख कैश भी जला




मधेपुरा शहर के पानी टंकी चौक के पास सोमवार रात करीब 1:30 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग में पांच परिवारों के फूस के घर जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि घरों में रखा कपड़ा, फर्नीचर और घरेलू सामान समेत करीब 15 लाख रुपए की संपत्ति जल गई। आग से प्रभावित परिवारों में सूरज कुमार, छोटू कुमार, विकास महतो, संगीता देवी और जूली देवी शामिल हैं। ये सभी परिवार कई सालों से फूस के घरों में रह रहे थे। आग लगने के बाद आसपास के लोगों ने इसे बुझाने की कोशिश की और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। करीब 15 मिनट बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तब तक सभी घर जलकर राख हो चुके थे। इसके बाद आग पर काबू पाया गया। सभी परिवार मजदूरी और ठेला चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। आग लगने के बाद अब उनके सामने खाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। बेटी की शादी के लिए रखा सामान भी जला पीड़ित छोटू महतो ने बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब एक महीने बाद होने वाली थी। शादी के लिए घर में जेवर, कपड़े, फर्नीचर और अन्य सामान इकट्ठा करके रखा गया था। आग में शादी का सारा सामान और करीब एक लाख रुपए नकद भी जल गए। इसके अलावा एक गैस सिलेंडर समेत घर का दूसरा सामान भी आग की चपेट में आ गया। धुआं भरने पर खुली लोगों की नींद स्थानीय निवासी बाबुल पटेल ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को घर से सामान निकालने का मौका नहीं मिला। देर रात होने के कारण सभी अपने घरों में सो रहे थे। घर के अंदर धुआं भरने से दम घुटने लगा, तब उनकी नींद खुली। बाहर निकलकर देखा तो ऊपर आग लगी हुई थी। इसके बाद सभी ने शोर मचाया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। प्रशासन से मदद और मुआवजे की मांग पीड़ित परिवारों ने बताया कि घर और सामान जलने से उनके सामने रहने और जरूरी चीजों का इंतजाम करने की समस्या आ गई है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का जायजा लेकर उचित मदद और मुआवजा देने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *