![]()
जिला पठानकोट को सीमावर्ती कस्बा नरोट जैमल सिंह के अंतर्गत आते क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान मैरिज पैलेस के अंदर डीजे और गानों को लेकर हुई मामूली कहासुनी ने देर रात खूनी मोड़ ले लिया। शादी समारोह से वापस लौट रहे युवकों की गाड़ी को रास्ते में घेरकर दूसरे पक्ष की ओर से अंधाधुंध फायरिंग कर दी गई और तेजधार हथियारों से हमला करके एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। यह सनसनीखेज वारदात सोमवार और मंगलवार की मध्य रात्रि करीब 2 बजे घटित हुई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर एक मुख्य आरोपी को काबू कर लिया है, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कोहलियां मोड़ पर घात लगाकर रोका रास्ता, गाड़ी पर चलाईं गोलियां पुलिस को दी गई शिकायत में घायल युवक के भाई आजिव महाल ने बताया कि वे रतड़वां-बाड़मां क्षेत्र के एक मैरिज पैलेस में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां गानों को लेकर गांव गाजी वाड़मां के मनु के साथ उनकी बहस हो गई। हालांकि उस समय पैलेस के भीतर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया था। रास्ते में गाड़ी के आगे अड़ाई कार: पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पैलेस से निकलने के बाद मनु ने अपने साथियों को फोन करके गांव कोलियां के पास पहले से इकट्ठा कर लिया। जब वे अपनी गाड़ी से वापस लौट रहे थे, तो कोलियां मोड़ के पास आरोपियों ने अपनी गाड़ी आगे लगाकर उनका रास्ता रोक लिया। दातर और बेसबॉल बैट से ताबड़तोड़ हमला: गाड़ी रुकते ही आरोपियों ने 2 राउंड फायर किए। जान बचाने के लिए जब युवक गाड़ी से बाहर भागने लगे, तो मनु और उसके साथियों ने तुषार महाल (निवासी रतड़वां) को घेर लिया और उसके सिर पर दातर व बेसबॉल बैट से हमला कर दिया। सिर पर गहरा घाव लगने से तुषार खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। इस दौरान एक अन्य युवक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। 1 आरोपी गिरफ्तार, 4 नामजद; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना मिलते ही नरोट जैमल सिंह थाना प्रभारी दलजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पंजाब पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना कर वहां बिखरे खून के नमूने, कार के टूटे हुए शीशे और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। काबू किया गया आरोपी: पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मनु (निवासी गाजी वाड़मां) को मौके से ही हिरासत में ले लिया है। 4 पर मामला दर्ज: पुलिस ने मनु सहित 4 लोगों को नामजद किया है और 2 अज्ञात युवकों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार चल रहे 3 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। लाइसेंसी हथियार से चलीं गोलियां: पुलिस अधिकारी ने मौके पर दो राउंड फायरिंग होने की पुष्टि की है। शुरुआती जांच में हमलावरों द्वारा इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी प्रतीत हो रहा है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि हथियार बरामद होने के बाद होगी। फिलहाल अस्पताल में भर्ती घायल तुषार की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है और सभी दोषियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Source link
पठानकोट में मैरिज पैलेस में कहासुनी के बाद खूनी झड़प:डीजे पर गाने को लेकर हुआ विवाद, चली गोलियां, दातर से युवक को किया गंभीर रूप से घायल; 1 गिरफ्तार, 3 फरार
