Headlines

डीडवाना-कुचामन में प्रधान, जिला परिषद सदस्यों की आरक्षण लॉटरी आज:सरपंच और वार्ड पंच पदों के आरक्षण की कल निकलेगी लॉटरी




डीडवाना-कुचामन में पंचायतीराज चुनाव के तहत पंचायतीराज संस्थाओं के विभिन्न पदों के आरक्षण और श्रेणीवार आवंटन की प्रक्रिया 23 और 24 सितंबर को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी। आरक्षण की लॉटरी के बाद जिला परिषद, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों के विभिन्न पदों की चुनावी तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना की ओर से जारी आदेश के अनुसार जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समितियों के प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्यों के पदों के आरक्षण का निर्धारण एवं आवंटन बुधवार को जिला कलेक्टर कार्यालय में सुबह 11.30 बजे किया जाएगा। वहीं ग्राम पंचायतों के सरपंच और वार्ड पंच पदों के आरक्षण की लॉटरी 24 सितंबर को संबंधित उपखंड अधिकारी मुख्यालय पर आयोजित होगी। इसमें अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और महिलाओं के लिए आरक्षित पदों का श्रेणीवार निर्धारण किया जाएगा। आरक्षण प्रक्रिया में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी उपस्थित रहने के लिए आमंत्रित किया गया है। डीडवाना-मौलासर में 83 ग्राम पंचायतों के सरपंच पदों की लॉटरी
डीडवाना उपखंड मुख्यालय पर डीडवाना और मौलासर पंचायत समितियों की कुल 83 ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों के आरक्षण की लॉटरी 24 सितंबर को निकाली जाएगी। डीडवाना पंचायत समिति की 47 ग्राम पंचायतों के सरपंच पदों के लिए आरक्षण की लॉटरी सुबह 10 से 11 बजे तक होगी। इसके बाद मौलासर पंचायत समिति की 36 ग्राम पंचायतों के सरपंच पदों के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक आरक्षण निर्धारण किया जाएगा। इसके बाद दोनों पंचायत समितियों के वार्ड पंच पदों के आरक्षण की प्रक्रिया शुरू होगी। डीडवाना पंचायत समिति में 453 वार्ड पंच और मौलासर पंचायत समिति में 372 वार्ड पंच, यानी कुल 825 वार्ड पंच पदों के लिए वर्गवार आरक्षण का निर्धारण किया जाएगा। वार्ड पंच पदों की लॉटरी दोपहर 12 बजे से कार्य समाप्ति तक जारी रहेगी। आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों की आरक्षित श्रेणी स्पष्ट हो जाएगी। इसके साथ ही आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों की तैयारियां भी तेज होने की संभावना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *