Headlines

एन. रघुरामन का कॉलम:क्या आपको पता है कि जेन-जी को उनकी ही भाषा में मैसेज कैसे करें?




जेन-जी फोन नहीं करते। कम से कम परिवार वालों को तो बिल्कुल नहीं। उन्हें बातचीत को छोटी और टु द पॉइंट रखना पसंद है। कई पैरेंट्स मुझे बताते हैं कि अगर उन्हें कॉल आता है तो उनके दिमाग में सबसे पहले यही आता है कि ‘शायद कोई गड़बड़ है।’ आपके दिमाग में क्या आएगा जब आप फोन उठाकर ‘हैलो’ कहें और दूसरी तरफ से आवाज आए कि ‘बताइए, क्या हमारा कोई फैमिली लॉयर है?’ अगर आप पूछें, ‘क्यों?’ तो वे कहते हैं कि ‘पहले इसका जवाब दीजिए।’ जेन-जी घर से बाहर नहीं निकलते और अकसर बातचीत भी नहीं करते हैं। क्या आपने कभी उनसे पूछा है कि वे बातचीत क्यों नहीं करते? मैंने पूछा तो उन्होंने बताया कि ‘हमारे लिए आप पैरेंट्स और ग्रैंड-पैरेंट्स कॉल सेंटर जैसे हैं, जो चौबीसों घंटें सलाह देते रहते हैं।’ शायद इसीलिए एक सामान्य नियम की तरह उनके वॉट्सएप मैसेज में ग्रीटिंग्स जरूरी नहीं हैं। उन्हें आपका यह लिखना पसंद नहीं कि ‘हे डार्लिंग, हाउ वाज द डे?’ वे चाहते हैं कि आप सीधे मुद्दे पर आएं। वे फोन खोले बिना ही होम स्क्रीन पर दिखने वाली मैसेज की पहली तीन लाइनें पढ़ लेना चाहते हैं। इसीलिए आपके ‘हे डार्लिंग…’ से उन्हें नफरत है। उनकी अपनी डिक्शनरी है, जिसके अर्थ हमारी डिक्शनरी से बिल्कुल अलग हैं। यह मुझे हाल ही में पता चला। उनमें से कुछ शब्द यहां पेश हैं। लॉक्ड-इन – हमारे लिए: कोई चाबी ले गया और मैं घर में फंसा हूं। उनके लिए: मैं पूरी तरह एक टास्क में लगा हुआ हूं, तंग मत करो। आई एम डाइंग – हमारे लिए: मुझे अभी-अभी कोई बीमारी डायग्नोस हुई है।
उनके लिए: यह बहुत मजेदार है, मैं बहुत जोर से हंस रहा हूं। कैन यू गिव मी ए कॉल- हमारे लिए: काफी समय से आपसे बात नहीं हुई, अच्छा होगा मिल कर बात कर लें।
उनके लिए: मेरी जिंदगी का सबसे खराब दिन है, सब कुछ गड़बड़ हो रहा है। सो गैस्ड- हमारे लिए: पेट पूरा फूला हुआ-सा लग रहा है, जैसे बहुत आलू खा लिए हों।
उनके लिए: मैं इसे लेकर वाकई उत्साहित हूं। व्हाट अ मूड?- हमारे लिए: पत्नी रूम का दरवाजा नहीं खोल रही हैं।
उनके लिए: यहां बहुत अच्छी वाइब्स हैं। द गोट- हमारे लिए: खेत का एक बदबूदार जानवर।
उनके लिए: ऐसा व्यक्ति जो, ‘ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम’ है। उनके मैसेज में पंक्चुएशन, फुलस्टॉप वगैरह भी नहीं होते। जेन-जी की अंदरूनी दुनिया बुनियादी तौर पर थोड़ी अव्यवस्थित है। उनकी थॉट-प्रोसेस की कोई शुरुआत, मध्य और अंत नहीं है। यही बात उनके मैसेज में भी दिखती है। उनके कम्युनिकेशन में अजीब एबरेविएशन इस्तेमाल होते हैं। मसलन, WYM (व्हाट डु यू मीन?)। एक बार मेरे भतीजे ने वॉट्सएप कॉल पर मेरे कुछ सवालों का जवाब नहीं दिया तो उसने मुझे SMH का मैसेज भेज दिया। उसे लगा कि मैं समझ जाऊंगा कि इसका मतलब ‘शेकिंग माई हेड’ है। लेकिन जब मैंने इसका मतलब पूछ लिया तो उसका बड़ा उपेक्षापूर्ण जवाब था- ‘DW’ यानी ‘डोंट वरी’। एक दूसरे भतीजे ने हाल ही मुझे लाइन-दर-लाइन वॉट्सएप मैसेज भेजा। उसे उम्मीद थी कि मैं उन अलग-अलग विचारों को आइकिया के फर्नीचर के जैसे ही जोड़ लूंगा, जो हमसे कहता है कि ‘डु इट योरसेल्फ’। मसलन, उसकी पहली लाइन थी, ‘मैं आपके यहां आ रहा हूं।’ दूसरी थी, ‘एक दोस्त के साथ।’ तीसरी थी, ‘उम्मीद है फ्रिज में सामान होगा।’ और मैसेज इसी तरह चलता रहा। लेकिन पूरे मैसेज में उसने यह नहीं बताया कि कब आ रहा है। जब मैंने उसे फोन किया तो वह बोला कि ‘ये कैसा सवाल हुआ, जाहिर है आज ही, मैं कल के लिए आज मैसेज क्यों भेजूंगा?’ मैंने फोन काटा और उसे मैसेज किया कि ‘FFS, चाबी पड़ोसी के पास है।’ उसने रिप्लाई किया ‘FFS का मतलब?’ मैंने कहा, ‘फेंड फॉर सेल्फ।’ उसने जवाब दिया कि ‘आई एम डाइंग। ‘FFS के लिए 2000 रुपए दे दो।’ फंडा यह है कि हम सभी पैरेंट्स और ग्रैंड-पैरेंट्स को यह सीखने को तैयार रहना चाहिए कि जेन-जी को मैसेज कैसे करें। मुझे लिखें कि उनके साथ आपका टेक्स्टिंग एक्सपीरियंस कैसा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *