![]()
सवाई माधोपुर के नगर परिषद उपसभापति चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं और सीओ सिटी के बीच हुए विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को सर्व समाज की ओर से पुलिस के समर्थन में प्रदर्शन किया गया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कानाराम को ज्ञापन सौंपकर भाजपा नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। सर्व समाज प्रतिनिधिमंडल के सदस्य बंशीलाल मीणा ने आरोप लगाया कि नगर परिषद उपसभापति चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं की ओर से सत्ता के प्रभाव में डीएसपी रैंक के अधिकारी के साथ अभद्रता की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता पुलिस को चुनौती देते हुए मतदान केंद्र के अंदर जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सीओ सिटी राजेंद्र सिंह मीणा और भाजपा चुनाव प्रभारी मदन प्रजापत के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पुलिस अधिकारी के साथ इस तरह का व्यवहार पुलिस विभाग के मनोबल को प्रभावित करता है। यदि डीएसपी रैंक के अधिकारी के साथ ऐसा रवैया अपनाया जाता है तो छोटे अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ किस तरह का व्यवहार होता होगा, यह गंभीर चिंता का विषय है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आगामी पंचायत राज चुनावों के दौरान भी इस तरह की घटनाओं का असर कानून-व्यवस्था पर पड़ सकता है। ज्ञापन के जरिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की गई। सर्व समाज ने प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि तय समय में कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
Source link
'पुलिस अफसर से धक्का-मुक्की करने वाले भाजपा-नेता पर कार्रवाई हो':सर्व समाज ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, 15 दिन का अल्टीमेटम दिया
