![]()
हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी समरहिल शिमला में छात्र संगठनों में चल रहे विवाद के बीच पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 9 छात्रों को गिरफ्तार किया है। विश्वविद्यालय परिसर में पिछले चार दिनों से SFI और ABVP से जुड़े छात्रों के बीच विवाद और झड़प की स्थिति बनी हुई है। कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान पुलिस के कार्य में बाधा डालने और मौके पर अव्यवस्था पैदा करने के आरोप में पुलिस ने बुधवार को 7 छात्रों को गिरफ्तार किया। 2 स्टूडेंट दराट लेकर लॉ डिपार्टमेंट पहुंच गए थे। वहीं, एक दिन पहले लॉ डिपार्टमेंट के बाहर छात्र से मारपीट, रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस कार्य में बाधा डालने पर 7 गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, आज HPU समरहिल में कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान कुछ युवकों ने पुलिस कार्य में बाधा डालने और मौके पर अव्यवस्था पैदा करने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए QRT की मदद ली गई और 7 युवकों को पुलिस थाना बालूगंज लाया गया। इनमें कमलेश निवासी करसोग, मंडी, प्रवेश निवासी शिलाई, सिरमौर, मुकेश व चमन निवासी चूराह, चंबा, आशीष निवासी ननखड़ी, शिमला, किशोर कुमार निवासी कुल्लू सदर और हैप्पी निवासी थुनाग, मंडी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है। उन्हें नियमानुसार थाना हवालात में रखा गया और सक्षम प्राधिकारी के समक्ष पेश किया जा रहा है। छात्र से मारपीट और धमकी के केस में 2 गिरफ्तार
दूसरे मामले में बीते मंगलवार को HPU के लॉ डिपार्टमेंट के बाहर एक छात्र से मारपीट, रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पर पुलिस थाना बालूगंज शिमला में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में अखिल कुमार (21) निवासी चंबा और आदित्या (23) निवासी सिरमौर को गिरफ्तार किया है। चार दिन से चल रहा विवाद
दरअसल, HPU परिसर में एसएफआई और एबीवीपी से जुड़े छात्रों के बीच पिछले चार दिनों से विवाद की स्थिति बनी हुई है। इससे यूनिवर्सिटी इन दिनों पुलिस छावनी में तब्दील है।
Source link
हिमाचल यूनिवर्सिटी के 9 छात्र गिरफ्तार:2 स्टूडेंट दराट लेकर लॉ डिपार्टमेंट पहुंचे, 7 ने पुलिस के काम में बाधा पहुंचाई
