![]()
हरियाणा पुलिस के नशामुक्त प्रदेश अभियान के तहत हिसार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एयरपोर्ट चौक पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक जीप से 114 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त की गई गांजे की खेप की कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही जीप को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हांसी की तरफ से नशे की बड़ी खेप हिसार लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एयरपोर्ट चौक पर सख्त नाकाबंदी की। इसी दौरान हांसी की ओर से आ रही एक जीप को रुकने का इशारा किया गया, तो चालक घबरा गया। उसने अचानक गाड़ी को एचटीएम (HTM) क्षेत्र की तरफ मोड़ने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान गाड़ी बंद हो गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर चालक को मौके पर ही धर दबोचा। डिग्गी में मिले 21 पैकेट, वाणिज्यिक मात्रा में मामला दर्ज जब पुलिस टीम ने जीप की तलाशी ली, तो उसकी डिग्गी से 21 पैकेट गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे का वजन कराया तो वह 114 किलो 910 ग्राम (वाणिज्यिक मात्रा) निकला। आरोपी के खिलाफ थाना एचटीएम हिसार में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान पूछताछ की जाएगी कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी, हिसार में किसे सप्लाई की जानी थी और इस पूरे नशा नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं।
Source link
हिसार एयरपोर्ट के पास 60 लाख का गांजा पकड़ा:जीप की डिग्गी में 21 पैकेटों में भरा था, 115 किलो वजन, 1 तस्कर गिरफ्तार
