![]()
बिलासपुर में सोने-चांदी के गहनों से भरा घड़ा देने का झांसा देकर किसान से 6 लाख रुपए ठगी की गई है। ठगों ने पहले सोने-चांदी के गहनों से भरा घड़ा मिलने और सस्ते में गहने दिलाने का लालच दिया। इसके बाद फर्जी पुलिसकर्मी बनकर कार रुकवाई और गहनों से भरी बोरी जब्त करने का नाटक किया। इस दौरान किसान को डराया-धमकाया गया और गहने भी ले लिए गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला कोटा थाना क्षेत्र का है। दरअसल, मुंगेली जिले के ग्राम गाड़ाघाट निवासी विष्णु बघेल खेती-किसानी करता है। उसने पुलिस को बताया कि 25 अगस्त को वह तखतपुर के बकरी बाजार गया था। वहां उसकी मुलाकात परिचित पालन भास्कर से हुई। बातचीत के दौरान पालन ने बताया कि उसके परिचित को सोने-चांदी के गहनों से भरा घड़ा मिला है। उसने विष्णु को सस्ते में गहने दिलाने का लालच दिया। 12 लाख में तय हुआ घड़े का सौदा इसके बाद विष्णु ने अपने भांजे धनेश पात्रे को इसकी जानकारी दी। दोनों ने पालन से संपर्क किया। 30 अगस्त को पालन और संजय पनिक के साथ विष्णु और उसका भांजा कुरदर के पास एक गांव में बलराम यादव के घर पहुंचे। यहां उन्हें गहनों से भरा घड़ा दिखाया गया। इसी दौरान पसउ बैगा भी वहां पहुंच गया। घड़े की कीमत पहले 20 लाख रुपए बताई गई। बातचीत के बाद सौदा 12 लाख रुपए में तय हुआ। 6 लाख रुपए 31 अगस्त को और बाकी 6 लाख रुपए गहने मिलने के एक सप्ताह बाद देने की बात तय हुई। 6 लाख देकर लिए गहने, रास्ते में नकली पुलिस ने रोका 31 अगस्त की रात विष्णु और उसका भांजा कार से 6 लाख रुपए लेकर कुरदर पहुंचे। कोटा नाका चौक के पास पालन, पसउ बैगा और संजय पनिक मिले। इसके बाद सभी बलराम यादव के घर पहुंचे। रात करीब 11 बजे विष्णु ने 6 लाख रुपए पालन को दे दिए। इसके बाद गहनों से भरी बोरी लेकर सभी कार से रवाना हुए। सेमरिया गांव के पास दो लोग पुलिस की वर्दी में पहुंचे और कार को रोक लिया। इनमें एक व्यक्ति के कंधे पर तीन स्टार लगे थे। दोनों ने कार में सवार लोगों की तलाशी ली और मोबाइल से फोटो खींचे। इसके बाद उन्हें जाने दिया। कुछ दूर आगे पालन ने तबीयत खराब होने का बहाना किया, जबकि पसउ ने मोबाइल गुम होने की बात कही। दोनों ने आगे साथ जाने में खतरा बताते हुए बाइक से आने की बात कही और कार से उतर गए। इसके बाद विष्णु ने गहनों से भरी बोरी के बारे में पूछा तो पालन ने बताया कि सेमरिया मोड़ पर पुलिस ने तलाशी के दौरान बोरी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों के जाने के बाद उनके मोबाइल भी बंद हो गए। मुंगेली में तीन स्टार वाली वर्दी वाला मिला, हुई पहचान शिकायतकर्ता के मुताबिक, दो दिन बाद आरोपियों से संपर्क हुआ। पालन ने कहा कि गहने पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। अब न गहने मिलेंगे और न ही पैसे। बाद में पालन 6 लाख रुपए लौटाने की बात कहता रहा। इसी वजह से विष्णु ने तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं की। 6 सितंबर को विष्णु को मुंगेली कलेक्टर कार्यालय के पास एक चाय दुकान के सामने वही व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे उसने सेमरिया में हुई जांच के दौरान तीन स्टार वाली पुलिस वर्दी में देखा था। परिचितों से पूछताछ करने पर उसकी पहचान लोकेश राजपूत के रूप में हुई। इसके बाद विष्णु ने कोटा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link
सोने के घड़े के नाम पर 6 लाख की ठगी:वर्दी पहनकर पहुंचे नकली पुलिसकर्मी, किसान को सस्ते में घड़ा दिलाने का दिया लालच
