Headlines

बागचट्टा में तालाब में डूबने से भाई-बहन की मौत:स्कूल से लौटकर घर के पास ही खेल रहे थे दोनों बच्चे, तालाब से मिली लाश




पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड के बागचट्टा गांव में दो भाई-बहन की छोटे तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान बागचट्टा निवासी अगस्तीन टुडू के 7 साल के बेटे गुलशन टुडू और 3 साल की बेटी एंजेल टुडू के रूप में हुई है। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और पूरे गांव में गम का माहौल है। बताया गया कि दोनों बच्चे आनंदपुर डीएवी स्कूल से घर लौटे थे। इसके बाद वे आसपास खेल रहे थे। इसी बीच दोनों घर से कुछ दूरी पर स्थित एक छोटे तालाब के पास पहुंच गए। शाम को काम से लौटने पर पिता ने बच्चों को घर में नहीं पाया। बच्चों के नहीं मिलने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी तलाश के बाद घर से कुछ दूरी पर अमरूद के पेड़ के नीचे बने छोटे तालाब में दोनों बच्चे मिले। परिवार के लोगों ने दोनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी। माना जा रहा है कि शायद पहले छोटी बहन एंजेल तालाब में डूबी होगी। उसे बचाने की कोशिश में उसका भाई गुलशन भी पानी में उतर गया होगा। इसी दौरान दोनों पानी में डूब गए। हालांकि, घटना की पूरी स्थिति अभी साफ नहीं हो पाई है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे। दो बच्चों की मौत से परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *