![]()
सोनीपत के गन्नौर क्षेत्र के गांव गढ़ी कलां में पतंग की डोरी काटने को लेकर एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दुकान पर हुई कहासुनी के बाद कुछ दबंगों ने एक घर में घुसकर भाई और बहन पर हमला कर दिया। हमले में युवक को चाकू और लाठी-डंडों से गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। गन्नौर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव गढ़ी कलां निवासी देवेंद्र पुत्र सुरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि 24 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे वह मनीष गोयल की दुकान पर सामान लेने गया था। वहां उसने कुछ लड़कों से कहा कि हमारी डोरी मत काटना। दुकानदार ने शांत करा दिया था मामला इतने में वहां मौजूद मोमीन भड़क गया और बोला, ‘क्या मुझे बोल रहा है?’ इसके बाद उसने हाथापाई शुरू कर दी। दुकानदार ने बीच-बचाव कर उस समय मामला शांत करा दिया और देवेंद्र सामान लेकर घर लौट आया। आरोप है कि दोपहर करीब 1 बजे मोमीन अपनी मोटरसाइकिल से अपने साथियों धोलू, काली और शकीला के साथ देवेंद्र के घर में जबरन घुस आया। घर में घुसते ही आरोपियों ने देवेंद्र और उसकी बहन रजनी के साथ मारपीट शुरू कर दी। मोमीन ने देवेंद्र पर चाकू से हमला किया, जबकि अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की। हमले में देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। जाते-जाते सभी आरोपी पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर गए हैं। अस्पताल से खानपुर रेफर, शरीर पर मिलीं 4 चोटें घायल अवस्था में देवेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गन्नौर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने B.P.S. मेडिकल कॉलेज (खानपुर) रेफर कर दिया। अस्पताल से मिली मेडिकल लीगल रिपोर्ट के अनुसार पीड़ित के शरीर पर कुल 4 चोटों के निशान पाए गए हैं, जिनमें से एक चोट तेजधार हथियार (चाकू) और तीन चोटें डंडों की पाई गई हैं। 4 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज CHC गन्नौर से सूचना मिलने पर जांच अधिकारी (HC अनिल कुमार) कार्रवाई के लिए पहुंचे। इलाज के बाद थाना पहुंचे देवेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। गन्नौर थाना पुलिस ने मोमीन, धोलू, काली और शकीला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
Source link
सोनीपत में घर में घुसकर भाई-बहन पर हमला:पतंग की डोर काटने को लेकर विवाद, दुकान पर सामान लेने गया था युवक
