![]()
उज्जैन के घट्टिया थाना पुलिस ने खेत में मिली चप्पल की फोटो से पनडुब्बी मोटर चोरी करने वाले नाबालिगों के गिरोह का पता लगाया। पुलिस ने सोशल मीडिया पर चप्पल की तलाश की तो इंस्टाग्राम की एक रील से सुराग मिला। इसके बाद स्थानीय स्तर पर जांच कर पुलिस 17 वर्षीय नाबालिग तक पहुंची। पूछताछ में उसने दो साथियों के साथ पिछले करीब 3 महीने में 3 पनडुब्बी मोटर चोरी करना बताया। पुलिस ने तीनों नाबालिगों को अभिरक्षा में लेकर करीब 1 लाख रुपए कीमत की 3 मोटरें बरामद की हैं। खेत में मिली अलग डिजाइन की चप्पल घट्टिया क्षेत्र में पिछले कुछ समय से खेतों और कुओं से पनडुब्बी मोटर चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसे देखते हुए थाना प्रभारी करण खोवाल के नेतृत्व में टीम बनाई गई। पुलिस ने स्थानीय युवकों और ग्राम जन सुरक्षा प्रहरियों को भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सतर्क किया। इसी दौरान एक किसान के खेत से मोटर चोरी होने की सूचना मिली। पुलिस और सुरक्षा प्रहरियों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया तो वहां अलग डिजाइन की स्लीपर चप्पल मिली। पुलिस ने उसका फोटो खींचकर ग्राम जन सुरक्षा प्रहरियों के ग्रुप में भेजा। इंस्टाग्राम प्रोफाइल से मिला सुराग इसी दौरान एक प्रहरी ने बताया कि ऐसी ही चप्पल इंस्टाग्राम की एक रील/प्रोफाइल में दिखाई दी है। पुलिस ने सोशल मीडिया से मिले सुराग और स्थानीय स्तर पर तस्दीक की। जांच की कड़ी चक नाला क्षेत्र के 17 वर्षीय नाबालिग तक पहुंची। पुलिस ने देर रात उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पिछले करीब तीन महीनों में अलग-अलग कुओं से 3 पनडुब्बी मोटर चोरी करना बताया। तीनों नाबालिगों की निशानदेही पर मोटरें बरामद पुलिस ने तीनों नाबालिगों की निशानदेही पर चोरी की 3 पनडुब्बी मोटरें बरामद कर लीं। इनकी कुल कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई गई है। पकड़े गए नाबालिग घट्टिया और आसपास के गांवों के बताए जा रहे हैं। चप्पल से शुरू हुई जांच के इंस्टाग्राम तक पहुंचने और फिर चोरी की मोटरें बरामद होने की कार्रवाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
Source link
चप्पल की डिजाइन से पकड़ाया मोटर चोर गैंग:इंस्टाग्राम रील से मिला सुराग, 3 नाबालिग पुलिस हिरासत में; 1 लाख की 3 पनडुब्बी मोटरें बरामद
