Headlines

सोहना में कैंटर ड्राइवर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत:केबिन में मिला शव, प्लाइवुड उतारने के बाद रुका था, यूपी का रहने वाला




सोहना में गुरुग्राम मार्ग पर बस अड्डे के पास शुक्रवार शाम एक कैंटर के केबिन में कैंटर ड्राइवर का शव मिला। जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सोहना थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी बुलाकर जरूरी सबूत इकट्ठा किए। मृतक की पहचान 45 वर्षीय भोजराम के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले का रहने वाला था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, भोजराम कैंटर में प्लाइवुड लेकर सोहना स्थित बालाजी प्लाइवुड पर आया था। बताया गया कि उसने एक दिन पहले यहां प्लाइवुड की करीब 35 फट्टी उतारी थीं। माल उतारने के बाद वह कैंटर लेकर वहीं रुक गया था। शुक्रवार की शाम जब लोगों ने कैंटर के केबिन में ड्राइवर को देखा, तो वह मृत मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और शव को कब्जे में लेकर सोहना के नागरिक अस्पताल स्थित मोर्चरी में रखवा दिया। जांच अधिकारी देवेंद्र ने बताया कि शनिवार को मृतक के परिजनों के सोहना पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल ड्राइवर की मौत की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले सबूतों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अभी मृतक के परिजनों के आने का इंतजार कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *