![]()
अनूपपुर जिले के अमरकंटक स्थित ‘पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय’ में शुक्रवार को कक्षा 10वीं और 11वीं के छात्रों के दो गुटों के बीच खूनी झड़प हो गई। पुरानी रंजिश के चलते हुए इस विवाद में डेस्क या डंडे से हमला किया गया, जिसमें 7 छात्र घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने 21 छात्रों को तत्काल निलंबित कर दिया है। मारपीट की घटना के बाद करीब 25 से 30 छात्र अमरकंटक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। इनमें से दो छात्र-14 वर्षीय मृत्युंजय द्विवेदी (सिर में गंभीर चोट) और 14 वर्षीय ओम पाण्डेय (कोहनी में चोट) को ज्यादा चोटें आईं। प्राथमिक इलाज के बाद परिजन दोनों गंभीर घायल छात्रों को लेकर राजेंद्रग्राम गए, जहां डॉ. शशांक परस्ते ने उनका इलाज किया। अस्पताल परिसर में ही परिजन और शिक्षकों के बीच काफी बहस और विवाद की स्थिति बन गई, जिसे स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया। 21 छात्र सस्पेंड, जांच के लिए 6 सदस्यीय टीम गठित मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय की प्राचार्या अर्चना सिंह ने बताया कि अभिभावकों को तुरंत सूचना दी गई और मारपीट में शामिल 21 छात्रों को स्कूल से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की संख्या आगे बढ़ भी सकती है। घटना की जांच के लिए 6 सदस्यीय कमेटी बनाई गई है, जो 2 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। कई दिनों से सुलग रहा था विवाद अमरकंटक थाना प्रभारी पीएस बघेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्कूल पहुंचकर अभिभावकों को बुलाकर समझाइश दी। फिलहाल स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई शिकायत आवेदन नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि दोनों कक्षाओं के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर पिछले कुछ दिनों से कहासुनी चल रही थी, जिसकी भनक शिक्षकों को नहीं लग सकी और शुक्रवार को दोनों गुट आमने-सामने आ गए।
Source link
अमरकंटक नवोदय स्कूल में छात्रों के दो गुटों में मारपीट:7 बच्चे घायल, 21 छात्र निलंबित; 6 सदस्यीय जांच टीम 2 दिन में देगी रिपोर्ट
