![]()
अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करंट की चपेट में आने से 2 बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे खेत में बने मकान के पास लगी बोरिंग के पास खेल रहे थे। परिजनों के अनुसार दोनों बच्चों के मोटर चलाने के स्टाटर से करंट लग गया. जिनको लेकर परिजन सीएचसी रैणी आए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया गया है। घटना शनिवार सुबह करीब 8 बजे रैणी थाना क्षेत्र के करणपुरा गांव की है। मृतकों की पहचान गौरव मीणा (4) और हर्षिता मीणा (7) पिता रतिराम मीणा निवासी करणपुरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोनों बच्चों के साथ एक बच्चा और भी खेत के पास खेल रहा था। वह कुछ दूरी पर था, जबकि हर्षिता और गौरव बोरिंग के स्टार्टर के बिल्कुल पास थे। रैणी थाने के SHO बने सिंह ने बताया कि सिंगल फेस की बोरिंग की मोटर के वायर के संपर्क में आने से दोनों बच्चों को करंट लग गया। हादसे के बाद दोनों बच्चे वहीं गिर गए। उनके साथ खेल रहे तीसरे बच्चे ने खेत में काम कर रहे परिजनों को चिल्लाकर घटना की जानकारी दी। परिजन तुरंत स्टार्टर के पास पहुंचे और दोनों बच्चों को करंट के तार से दूर किया। इसके बाद दोनों को तुरंत रैणी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, हादसे से पहले दोनों बच्चे घर पर थे और परिवार के लोगों ने उन्हें खेत पर पानी लेकर आने के लिए कहा था। पानी लेकर खेत की ओर जाते समय दोनों बोरिंग के पास पहुंच गए थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलने पर रैणी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक बच्चों के दादा गिर्राज प्रसाद मीना की रिपोर्ट पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
Source link
करंट की चपेट में आने से मासूम भाई-बहन की मौत:खेत में लगी बोरिंग के पास खेल रहे थे, दूसरे बच्चे ने भागकर दी सूचना
