Headlines

औरंगाबाद में हथियार के साथ दो युवक गिरफ्तार:RPF ने देसी कट्टा-दो कारतूस जब्त किया, एक 7 मामलों में जा चुका है जेल




औरंगाबाद जिले में नबीनगर रेलवे स्टेशन पर आपराधिक गतिविधियों की निगरानी और चेकिंग के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने दो युवकों को देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। शनिवार को उक्त कार्रवाई को आरपीएफ पोस्ट नबीनगर की टीम ने की। गिरफ्तार युवकों की पहचान झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी थानाक्षेत्र के नारायणपुर निवासी विशाल कुमार (25) और भवनाथपुर थाना क्षेत्र के बनखेता अरसली वार्ड-3 निवासी मनीष कुमार यादव (20) के रूप में हुई है। दोनों के पास से एक देशी कट्टा और 8 एमएम/केएफ अंकित दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। प्लेटफॉर्म पर जांच बैग से मिला हथियार आरपीएफ निरीक्षक राम विलास राम के नेतृत्व में उप निरीक्षक जय प्रकाश प्रसाद, सहायक उप निरीक्षक शिव शंकर सिंह यादव, आरक्षी संतोष कुमार मिश्रा और आरक्षी शैलेश कुमार शर्मा की टीम नबीनगर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दोनों युवक संदिग्ध स्थिति में नजर आए। दोनों के कंधे पर पिट्ठू बैग था। आरपीएफ टीम ने बैग के संबंध में पूछताछ की तो दोनों ने पहले उसमें कुछ नहीं होने की बात कही।संदेह होने पर जवानों ने बैग खोलकर दिखाने को कहा। इसके बाद बैग की तलाशी ली गई। टॉर्च की रोशनी में बैग के अंदर भगवा रंग के गमछे में लिपटा लोहे का बना एक देशी कट्टा मिला। इसके साथ काले रंग की प्लास्टिक में रखे 8 एमएम/केएफ अंकित दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। आरपीएफ ने हथियार और कारतूस को जब्त कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। मोटरसाइकिल चोरी से जुड़ा होने का दावा आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि वे झारखंड से सटे राज्यों में मोटरसाइकिल चोरी करते हैं। उनका दावा था कि चोरी के दौरान पकड़े जाने या पीछा किए जाने पर बचने के लिए हथियार का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, चोरी की घटनाओं और हथियार के इस्तेमाल से जुड़े उनके बयानों की आगे जांच की जा रही है। आरपीएफ ने बरामद देशी कट्टा और दोनों जिंदा कारतूस की विधिवत जब्ती सूची तैयार की। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अवैध हथियार रखने के आरोप से अवगत कराने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद निरीक्षक राम विलास राम के लिखित शिकायत पत्र और जब्त हथियार व कारतूस के साथ दोनों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना सोननगर को सौंप दिया गया। सात मामलों में जेल जा चुका है विशाल आरपीएफ के मुताबिक, गिरफ्तार विशाल कुमार पहले भी मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े सात मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में चोरी और चोरी के सामान से संबंधित कई मामले दर्ज रहे हैं। वर्ष 2025 में भी उसके खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी आरपीएफ ने दी है। अब पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मोटरसाइकिल चोरी के नेटवर्क और हथियार की आपूर्ति से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *