![]()
सिरोही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक डोदुआ स्थित भुवनेश्वर मंदिर में पूर्व विधायक एवं मुख्यमंत्री के पूर्व सलाहकार संयम लोढ़ा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में लोढ़ा ने भाजपा सरकार पर सिरोही में भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड बनाने, कानून व्यवस्था बिगड़ने और विकास कार्यों में देरी का आरोप लगाया। उन्होंने रामझरोखा मंदिर, हिंदू श्मशान भूमि और नगर परिषद की जमीन के पट्टे काटने को लेकर सवाल उठाए। साथ ही अधूरे प्रोजेक्ट्स, किसानों की समस्याओं और महंगाई को लेकर भी केंद्र व राज्य सरकार पर निशाना साधा। पट्टों के मुद्दे पर सरकार को घेरा लोढ़ा ने कहा कि सिरोही में भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड बन रहे हैं। उन्होंने रामझरोखा मंदिर, हिंदू श्मशान भूमि और नगर परिषद की जमीन के पट्टे काटे जाने के उदाहरण देते हुए सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और धार्मिक उपयोग की जमीन से जुड़े मामलों में पारदर्शिता जरूरी है। रुपए की कीमत और पुराने वादों पर सवाल मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए लोढ़ा ने कहा कि रुपया 95 तक पहुंच गया है, जबकि पहले सरकार कहा करती थी कि रुपये के गिरने से देश की साख गिरती है। उन्होंने 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने और लोगों को पक्के मकान उपलब्ध कराने जैसे वादों पर भी सवाल उठाए। कर्जमाफी और किसानों की परेशानी का मुद्दा किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए लोढ़ा ने कहा कि ऐप के नाम पर गांवों में किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 2008 में मनमोहन सरकार ने 85 करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया था, लेकिन भाजपा सरकार ने 12 साल में किसानों का कोई कर्ज माफ नहीं किया। 71 गांवों में पानी पहुंचाने का मुद्दा उठाया लोढ़ा ने सिरोही जिले की अधूरी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि शिवगंज के 71 गांवों को 2025 तक जवाई का पानी मिलना था, लेकिन यह काम पूरा नहीं हुआ। इसी तरह सिरोही के 8 गांवों में अप्रैल 2025 तक बत्तीसा नाला का पानी पहुंचाने की बात थी, लेकिन ग्रामीणों को इसका इंतजार है। जवाई परियोजना से शिवगंज के 71 गांवों को पानी उपलब्ध कराने की योजना का उल्लेख पूर्व में भी किया गया था। उन्होंने कहा कि नर्सिंग कॉलेज, 300 बेड का अस्पताल, संस्कृत कॉलेज और वेटेनरी कॉलेज जैसे प्रोजेक्ट्स का काम भी तय समय पर शुरू नहीं हुआ। शराब-ड्रग्स के अड्डों का लगाया आरोप सिरोही की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए लोढ़ा ने कहा कि शहर में शराब और ड्रग्स के अड्डे बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि तीन साल में सिरोही के एडिशनल एसपी पांच बार बदले गए हैं। लोढ़ा ने कहा कि सरकार का काम जाति और धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि आमजन के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और पानी जैसी मूलभूत जरूरतों पर योजनाबद्ध तरीके से काम करना है। नगर निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी विधानसभा समन्वयक अश्विनी कुमार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने वार्ड में जिताऊ उम्मीदवार का चयन कर पार्टी के सामने रखें, ताकि सभी मिलकर पार्टी के बोर्ड बनाने के लिए काम कर सकें। ये पदाधिकारी रहे मौजूद बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष रतन माली, जिला उपाध्यक्ष नारायणलाल सुथार, तेजाराम मेघवाल, मोहन लाल सीरवी, पुनीत अग्रवाल, भूराराम मेघवाल, पूर्व प्रदेश सचिव गुमान सिंह देवड़ा, पीसीसी सदस्य किशोर पुरोहित, महिला जिलाध्यक्ष रेनुलता व्यास, प्रदेश महासचिव हेमलता शर्मा, एनएसयूआई के दशरथ नरुका और नेपाल सिंह सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने बैठक को संबोधित किया।
Source link
भाजपा राज में सिरोही में भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड बने:संयम लोढ़ा ने कानून व्यवस्था, किसानों और विकास परियोजनाओं को लेकर भाजपा सरकार को घेरा
