![]()
रायपुर में गणेश उत्सव के समापन पर निकलने वाली विसर्जन झांकियों को इस बार सम्मानित किया जाएगा। अखिल भारतीय संत समिति, शाखा छत्तीसगढ़ की ओर से झांकियों और समितियों के लिए पुरस्कार प्रतियोगिता रखी गई है। इसमें अच्छी प्रस्तुति देने वाली समितियों को पहला, दूसरा और तीसरा पुरस्कार दिया जाएगा। विजेताओं को क्रमश: 51 हजार, 31 हजार और 21 हजार रुपए मिलेंगे। विसर्जन के दौरान शहर से निकलने वाली झांकियों का ज्यूरी कमेटी मूल्यांकन करेगी। झांकी की प्रस्तुति, धार्मिक और सांस्कृतिक रूप, सजावट और अनुशासन समेत तय मापदंडों के आधार पर विजेताओं का चयन होगा। समिति के अनुसार, प्रतियोगिता का मकसद सिर्फ पुरस्कार देना नहीं है। इसके जरिए गणेश उत्सव से जुड़ी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना भी है। वहीं, विसर्जन झांकियों को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी की है। हर सहभागी समिति को मिलेगा सम्मान प्रतियोगिता में पहला स्थान पाने वाली समिति को 51 हजार, दूसरे स्थान वाली समिति को 31 हजार और तीसरे स्थान वाली समिति को 21 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा विसर्जन में शामिल सभी समितियों और झांकियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इससे समितियों को बेहतर प्रस्तुति के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। सनातन परंपराओं को बढ़ावा देने की पहल समाजसेवी बसंत अग्रवाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य गणेश विसर्जन में शामिल समितियों और झांकियों का उत्साह बढ़ाना है। साथ ही धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए समितियों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि विसर्जन में शामिल सभी समितियों को सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन की जानकारी अखिल भारतीय संत समिति, शाखा छत्तीसगढ़ की ओर से दी गई। कार्यक्रम साधु-संतों की ओर से आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान संत राजीव लोचन और बसंत अग्रवाल मौजूद रहे। जयस्तंभ चौक से महादेव घाट तक निकलेगी झांकी झांकी सोमवार शाम 6 बजे शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल पहुंचेगी। झांकी मार्ग पर शाम 6 बजे से सभी तरह के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान केवल झांकी और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी। आम पब्लिक के लिए प्रतिबंधित मार्ग शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक/जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक-मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली, बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली, लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना और कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
झांकी रोकने और नशे पर रोक झांकी को अनावश्यक रूप से रोकने पर रोक रहेगी। समितियों को पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने और उन्हें पहचान पत्र देने के लिए कहा गया है। झांकी में नशे का सेवन करने के साथ हथियार या धारदार वस्तु रखने पर भी रोक रहेगी। डीजे और साउंड सिस्टम का उपयोग तय नियमों के अनुसार ही करना होगा।
Source link
रायपुर में गणेश विसर्जन की झांकियों का होगा सम्मान:विजेताओं को मिलेंगे 51-31 और 21 हजार, धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुति और सजावट के आधार पर होगा चयन
