![]()
त्योहारी सीजन में स्टेशनों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ और संभावित हादसों को देखते हुए रेलवे ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। दीपावली और छठ के दौरान धनबाद समेत देशभर के 73 भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश को लेकर सख्ती बरती जाएगी। स्टेशन परिसर में केवल उन्हीं यात्रियों को प्रवेश मिलेगा, जिनके पास कन्फर्म रिजर्वेशन या जनरल टिकट होगा। वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों के लिए स्टेशन में प्रवेश पर रोक रहेगी। इसके अलावा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री भी बंद रखी जाएगी। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में सभी 16 जोन को निर्देश जारी किए हैं। पूर्व मध्य रेल के धनबाद, पटना, भागलपुर और मुजफ्फरपुर समेत कई स्टेशनों को इस व्यवस्था के लिए चिह्नित किया गया है। त्योहारों के दौरान अपने घर आने के बाद धनबाद से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, पटना समेत अन्य शहरों की ओर लौटने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए रेलवे ने स्टेशन परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की योजना तैयार की है। गेट नंबर तीन से ही होगा प्रवेश, वेटिंग एरिया बनेगा रेलवे बोर्ड के निर्देश के अनुसार धनबाद स्टेशन पर त्योहारों के दौरान गेट नंबर तीन के अंदर अस्थायी वेटिंग एरिया बनाया जाएगा। प्लेटफॉर्म पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में यात्रियों के अलावा उन्हें छोड़ने या रिसीव करने आने वाले लोगों को भी इसी वेटिंग एरिया में रोका जाएगा। स्टेशन के अन्य सभी प्रवेश रास्तों को बंद कर दिया जाएगा और यात्रियों की आवाजाही केवल गेट नंबर तीन से होगी। यहां कड़ी चेकिंग की व्यवस्था रहेगी। जांच के बाद कन्फर्म रिजर्वेशन और जनरल टिकट वाले यात्रियों को ही प्लेटफॉर्म की ओर जाने दिया जाएगा। बिना टिकट और वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को वेटिंग एरिया में ही रोक दिया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ को पहुंचने से रोकना है। रेलवे की ओर से यात्रियों को भी सलाह दी जाएगी कि वे निर्धारित यात्रा दस्तावेज के साथ ही स्टेशन पहुंचें, ताकि प्रवेश के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। अफरातफरी और संभावित हादसे रोकने की कवायद रेलवे के अनुसार, त्योहारों के दौरान यात्री अक्सर ट्रेन के निर्धारित समय से काफी पहले स्टेशन पहुंच जाते हैं। इससे प्लेटफॉर्म पर पहले से ही भीड़ बढ़ने लगती है। ट्रेन के आने की सूचना मिलते ही यात्रियों की आवाजाही और बढ़ जाती है, जिससे स्थिति चुनौतीपूर्ण हो जाती है। कन्फर्म रिजर्वेशन और जनरल टिकट वाले यात्रियों की संख्या तथा ट्रेन में उपलब्ध कोच की क्षमता तय होती है, इसलिए उनकी भीड़ को नियंत्रित करना अपेक्षाकृत आसान होता है। इसके विपरीत वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों की संख्या अधिक होने पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान अफरातफरी की स्थिति बन सकती है। रेलवे का मानना है कि गेट पर ही टिकट की जांच कर वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को रोकने से प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ कम होगी। इससे त्योहारों के दौरान यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के साथ संभावित हादसों को रोकने में भी मदद मिलेगी।
Source link
धनबाद स्टेशन पर त्योहारी सीजन में सख्ती:रिजर्वेशन और जनरल टिकट वालों को प्रवेश, वेटिंग टिकट वालों को प्रवेश नहीं
