Headlines

सहारनपुर में गांधी जयंती पर प्रभात फेरी और रक्तदान शिविर:2 अक्टूबर को सरकारी भवन भी जगमगाएंगे, कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार




सहारनपुर में गांधी जयंती की तैयारियों को लेकर सोमवार शाम 6 बजे कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में 2 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। यह बैठक डीएम अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों के साथ शहर के गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। सीडीओ ने निर्देश दिए कि 2 अक्टूबर को जिले के सभी राजकीय भवनों और शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया जाए। इसके साथ ही गांधीजी की प्रिय रामधुन का गायन कराया जाए। सरकारी भवनों और कार्यालयों को रात में रोशनी से सजाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। गांधी जयंती के अवसर पर शहर में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ विशेष सफाई अभियान भी चलाया जाएगा। इसके अलावा खादी प्रदर्शनी और सूत कताई कार्यक्रम का आयोजन होगा। लोगों को खादी और गांधीजी के विचारों से जोड़ने के लिए कार्यक्रमों में सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में रक्तदान शिविर, सर्वधर्म शांति सभा और विचार गोष्ठी आयोजित करने की भी रूपरेखा बनाई गई। पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण कार्यक्रम होगा। वहीं, लोगों को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक करने के लिए पैदल चाल प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। गांधी जयंती पर विभिन्न संस्थाओं में फल वितरण कराया जाएगा। कुष्ठ आश्रमों में भोजन वितरण के कार्यक्रम भी होंगे। अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित जिम्मेदारियों का समय से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सीडीओ डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर जिले में पूर्ण रूप से मद्य निषेध सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन और प्रशासन की ओर से निर्धारित व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन कराया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, एसपी यातायात शैलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, पीडी डीआरडीए प्रणय कृष्ण समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *