Headlines

Amit shah jalandhar rally punjab nasha video Punjab top 10 news update


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की जालंधर में हुई रैली रही। रैली से पहले गृहमंत्री के मंच को उड़ाने की धमकी मिली। कैंब्रिज स्कूल को भेजे ई-मेल में दावा किया गया कि रैली के स्टेज के नीचे IED रखा गया है, जिसके बाद जांच में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को वहां कुछ नहीं मिला। हालांकि, इसके बावजूद अमित शाह ने रैली की और मान सरकार पर पंजाब को नशे में धकेलने का आरोप लगाया।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. अमित शाह बोले- दिल्ली शराब घोटाले वाले नशामुक्ति नहीं कर सकते

जालंधर में गृहमंत्री अमित शाह रैली में भाषण देते हुए।

जालंधर में गृहमंत्री अमित शाह रैली में भाषण देते हुए।

गृह मंत्री अमित शाह ने जालंधर रैली में कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब को चिट्‌टे में धकेल दिया है। 2027 का चुनाव भाजपा नशामुक्त पंजाब के नाम पर लड़ेगी।

मैं पंजाब के युवाओं को वादा करके जाता हूं कि भाजपा को वोट करें। हम 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को नशा मुक्त कर देंगे। उन्होंने कहा-

QuoteImage

भगवंत मान ने नशे के व्यापार को और बढ़ाया है। जो दिल्ली में शराब बेचने के घोटाले में पकड़े गए हों, वो पंजाब को नशा मुक्त कैसे करेंगे।

QuoteImage

शाह की रैली से पहले बम की धमकी भी मिली थी। कैंब्रिज स्कूल को भेजे ई-मेल में दावा किया गया कि रैली के स्टेज के नीचे IED रखा गया है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों की जांच में वहां कुछ नहीं मिला।(पढ़ें पूरी खबर)

2. पंजाब कांग्रेस में बड़े बदलाव के आसार

पंजाब कांग्रेस में अगले 48 घंटे के बीच बड़ा बदलाव हो सकता है। इसको लेकर दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान से लेकर पंजाब तक हलचल तेज है। कांग्रेस हाईकमान से जुड़े सोर्सेज के मुताबिक पंजाब में पार्टी प्रभारी सचिन पायलट की रिपोर्ट के बाद ये बदलाव होगा। इसको लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और सचिन पायलट के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग हुई है।

कांग्रेस सोर्सेज के मुताबिक प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रधान पद से हटाया जा रहा है। इस बारे में रात को ही उन्हें दिल्ली से कॉल भी आ चुकी है। वड़िंग की जगह पर पूर्व सांसद विजयइंदर सिंगला या जालंधर कैंट से MLA परगट सिंह को प्रधान बनाया जा सकता है। पायलट ने हाल ही में यूथ कांग्रेस और जिला प्रधानों से दिल्ली में मीटिंग कर इसका फीडबैक लिया था। (पढ़ें पूरी खबर)

3. हाईकोर्ट ने पूछा- LPU हिंसा का दोषी कौन?

पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हिंसा को लेकर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से स्टेटस रिपोर्ट तलब कर ली है। हाईकोर्ट ने पूछा है कि क्या-क्या एक्शन हुआ? कौन-कौन दोषी है? उनके खिलाफ क्या कार्रवाई हुई, क्या कार्रवाई होगी? इसके बारे में डिटेल्ड एफिडेविट फाइल करें।

याचिका में ये भी दावा किया गया कि प्रदर्शन की आड़ में नेशनल हाईवे को ब्लॉक कर नेशनल सिक्योरिटी को भी खतरे में डाला गया। यह हाईवे पाकिस्तान से सटे जम्मू एंड कश्मीर को बाकी राज्यों से जोड़ता है। इस मामले में CBI जांच की मांग को लेकर फिलहाल हाईकोर्ट ने कोई फैसला नहीं दिया है। मामले की अगली सुनवाई 8 अक्टूबर को होगी। (पढ़ें पूरी खबर)

4. पंजाब में सभी स्कूलों का टाइम बदला

पंजाब में कल यानी 1 अक्टूबर से सभी सरकारी, एडेड और प्राइवेट स्कूलों का टाइम बदल दिया गया है। अब ये स्कूल सुबह 8:30 बजे खुलेंगे और दोपहर 2:30 बजे छुट्टी होगी। इससे पहले स्कूल सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक लग रहे थे।

यह नए नियम राज्य के सारे प्राइमरी, सेकेंडरी, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में लागू होंगे। यह समय 31 अक्टूबर 2026 तक लागू रहेगा। राज्य में 19 हजार से अधिक सरकारी स्कूल है।

शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे नए समय का पालन सुनिश्चित करें, ताकि स्टूडेंट्स और अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। (पढ़ें पूरी खबर)

5. धीरेंद्र शास्त्री के ‘भैया-सैंया’ बयान पर बवाल मचा

लुधियाना में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा का आज अंतिम दिन है। कथा ग्लाडा मैदान में दोपहर 12 से 2 बजे तक होगी। इसके बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री वापस बागेश्वर धाम लौट जाएंगे।

दो दिन पहले कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा था कि जब आप सनातन धर्म में पैदा हुए हो तो हली-उल्लाह वालों के पास जाने की जरूरत नहीं। जो अपने पड़ोसी को बाप कहते हैं, भैया को सैंया बना लेते हैं, वह किसी काम के नहीं होते। धर्मांतरण पर खून खौलता है

इस पर पंजाब के शाही इमाम मुहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी और पंजाब क्रिश्चियन यूनाइटेड फेडरेशन के प्रेजिडेंट अल्बर्ट दुआ ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणियों पर एतराज जताया। आज शाही इमाम ने जामा मस्जिद में समस्त मुस्लिम समुदायों के नेताओं की इमरजेंसी बैठक बुलाई है। बैठक रात में होगी।

शाही इमाम ने मंगलवार को कहा था कि धीरेंद्र शास्त्री माफी मांगें, नहीं तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, क्रिश्चियन फेडरेशन के प्रेजिडेंट ने कहा था कि शास्त्री अपने इमोशन पर थोड़ा लगाम रखें। उन्होंने पूरी क्रिश्चियन कम्युनिटी को लुधियाना में इकट्ठा होने को कहा था। (पढ़ें पूरी खबर)

6. रिश्वत केस में गिरफ्तार लेडी SHO के तेवर ढीले पड़े

मोगा में 50 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ी गई SHO सुनीता बावा के तेवर रिमांड के बाद नरम पड़ गए हैं। बुधवार को सिविल कोर्ट में पेशी के दौरान इंस्पेक्टर सुनीता बावा मुंह ढककर पहुंचीं। रिमांड के बाद मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और सीधे सरकारी गाड़ी में जाकर बैठ गईं। जबकि गिरफ्तारी के दौरान लेडी एसएचओ ने मीडिया से कहा था- ‘ऑल इज वेल… न्यू चैप्टर ऑफ लाइफ इज स्टार्टेड।’

लेडी अफसर को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। विजिलेंस ब्यूरो अब मामले को लेकर पूछताछ करेगी। अब विजिलेंस उनके मोबाइल, संपर्कों, संभावित बिचौलियों और संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

7. LPU छात्रा से रेप के दावे से जुड़े 2 VIDEO

पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से रेप के आरोपों के बाद हुए बवाल के बीच अब दो वीडियो सामने आए हैं। एक CCTV फुटेज को लेकर प्रदर्शनकारी छात्रों का दावा है कि इसमें वार्डन के साथ दो लोग एक कमरे की तरफ जाते दिखाई दे रहे हैं। छात्रों का कहना है कि यह वही कमरा है, जहां कथित तौर पर छात्रा के साथ वारदात हुई थी।

वहीं, एक छात्रा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि उसके साथ कुछ नहीं हुआ है। उसने खुद को फर्स्ट ईयर की छात्रा बताते हुए कहा कि प्रदर्शन देखकर वह घबरा गई थी और रिश्तेदारों के साथ अपने घर चली गई।

यूनिवर्सिटी में शनिवार रात को छात्रा से रेप की सूचना के बाद बवाल शुरू हुआ था। इसके बाद यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़ और आगजनी हुई। हिंसा के बाद यूनिवर्सिटी में छुटि्टयां कर दी गई हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

8. महिला की हत्या कर लाश नदी में फेंकी

पठानकोट में 1 लाख रुपए मांगने पर महिला की हत्या कर दी गई। दूध वाले ने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों ने महिला को बहाने से बुलाया और हत्या के बाद शव हिमाचल प्रदेश के चक्की दरिया में फेंक दिया।

थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान किरण के रूप में हुई है। एक आरोपी हिमाचल का रहने वाला है।

संदीप सिंह निवासी बैकसाइड वुडलैंड होटल, ढांगू रोड (पठानकोट) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी माता किरण 8 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे बिना बताए घर से कहीं चली गई थीं। काफी तलाश करने के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो थाना डिवीजन नंबर 2 में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। (पढ़ें पूरी खबर)

9. अकाली नेता बिक्रम मजीठिया को SIT का समन

अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को 6 हजार करोड़ रुपए के ड्रग्स मामले में बुधवार को स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने समन जारी किया है। उन्हें 5 अक्टूबर को पेश होने के लिए कहा गया है। वहीं बर्खास्त पंजाब पुलिस DSP जगदीश सिंह भोला को भी SIT ने उसी दिन पेश होने के लिए समन जारी किया है।

दोनों से आमने-सामने पूछताछ किए जाने की संभावना है। भोला का नाम भी ड्रग रैकेट की जांच से जुड़ा रहा है। नए समन पर प्रतिक्रिया देते हुए SAD के मुख्य प्रवक्ता अरशदीप सिंह कलेर ने पंजाब सरकार पर विधानसभा चुनाव से पहले उनके शब्दों में “समन पॉलिटिक्स” करने का आरोप लगाया। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. नशा बेचते पकड़ा युवक, टी-शर्ट पर लिखा- युद्ध नशों के विरुद्ध

फिरोजपुर के हामद गांव में मंगलवार को ग्रामीणों ने एक युवक को कथित तौर पर नशा बेचते पकड़ा। युवक ने ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ लिखी टी-शर्ट पहनी हुई थी। ग्रामीणों ने उसकी तलाशी लेकर पुलिस को सूचना दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीण युवक से नशे की पुड़ियां बरामद करते नजर आ रहे हैं।

डीएसपी तजिंदर पाल सिंह के मुताबिक, सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लिया। उसकी पहचान गांव के ही किकर सिंह (25) के रूप में हुई है। वह राज मिस्त्री का काम करता है। तलाशी में उसके पास से 6 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

लाखोके थाने में युवक के खिलाफ मुकदमा नंबर 106 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, किकर सिंह के खिलाफ पहले कोई मामला दर्ज नहीं है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *