![]()
यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ हिसार पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इंटरसेप्टर प्रभारी उप निरीक्षक कुलदीप की टीम ने चिकनवास के पास नियमों का उल्लंघन कर रही एक स्कॉर्पियो को पकड़ा। जांच के दौरान वाहन पर ब्लैक फिल्म लगी मिली, सायरन का प्रयोग किया जा रहा था और नंबर प्लेट भी निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं थी। पुलिस ने वाहन का 30 हजार 500 रुपए का चालान कर उसे इंपाउंड कर लिया। पुलिस के अनुसार इंटरसेप्टर टीम क्षेत्र में यातायात नियमों की जांच कर रही थी। इसी दौरान स्कॉर्पियो को रोककर जांच की गई। वाहन पर ब्लैक फिल्म लगी होने, सायरन का प्रयोग किए जाने तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट पाए जाने पर यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की गई। नियमों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धांत जैन ने कहा कि सड़क पर वाहन चलाना अधिकार के साथ जिम्मेदारी भी है। ब्लैक फिल्म, अनधिकृत सायरन या लाइट का इस्तेमाल करने और नंबर प्लेट में नियमों के विपरीत बदलाव करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन सड़क पर वाहन चालक के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। हिसार पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि अपने वाहनों के दस्तावेज पूरे रखें, नंबर प्लेट निर्धारित मानकों के अनुसार लगाएं और वाहनों पर अवैध ब्लैक फिल्म, सायरन अथवा लाइट का प्रयोग न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Source link
हिसार में ब्लैक फिल्म- सायरन लगी स्कॉर्पियो इंपाउंड:नंबर प्लेट भी नियम विरुद्ध लगाई, इंटरसेप्टर टीम ने काटा ₹30,500 का चालान
