![]()
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 3.25 किलो हेरोइन, 13 अवैध पिस्तौल और एक BMW कार जब्त की है। पुलिस कमिश्नर हरमनवीर सिंह गिल ने बताया कि आरोपियों के विदेशी और अंतरराज्यीय नेटवर्क से संपर्क सामने आए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि हथियार और नशे की यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में पहुंचाई गई थी। गिरफ्तार आरोपी सीमा पार बैठे तस्करों के संपर्क में थे। पुलिस जांच में आरोपियों के गैंगस्टर जॉर्डन और केशव शिवाला गैंग से भी जुड़े होने की बात सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों में एक वकील का मुंशी है, जो अदालती मामलों में मदद करता था। दूसरा आरोपी फास्टवे केबल नेटवर्क में तकनीशियन था। पुलिस दोनों गैंगस्टरों को ट्रैक कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। राज्य स्तरीय एजेंसियां भी इस जांच में सहयोग कर रही हैं। BMW पर अलग-अलग नंबर प्लेट और फर्जी RC का इस्तेमाल
पुलिस के मुताबिक आरोपी तस्करी के लिए BMW जैसी महंगी कार का इस्तेमाल करते थे। जांच में कार पर कथित तौर पर फर्जी RC और 4-5 अलग-अलग नंबर प्लेट इस्तेमाल करने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि महंगी कार होने के कारण नाकों पर कम शक होने की धारणा का फायदा उठाया जाता था। पुलिस अब RTO रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है, ताकि कथित फर्जी दस्तावेज तैयार कराने वाले लोगों तक पहुंचा जा सके।
तीन और लोगों के नाम सामने आए
पुलिस कमिश्नर के अनुसार पूछताछ में तीन अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिन्हें कथित तौर पर ये हथियार सौंपे जाने थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों की ओर से छापेमारी की जा रही है।
डकैती, टारगेट किलिंग की आशंका
पुलिस को आशंका है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल बड़ी डकैती, टारगेट किलिंग या पंजाब से बाहर किसी गंभीर वारदात के लिए किया जाना था। हालांकि इन आशंकाओं की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। मामले में आगे की जांच जारी है।
Source link
